आमिर खान प्रोडक्शंस की फिल्म बंटवारा 1947 के साथ भारतीय सिनेमा एक बड़ी ऐतिहासिक फिल्म देखने के लिए तैयार है. भारत के इतिहास के सबसे अहम दौरों में से एक पर आधारित यह फिल्म 1940 के दशक की उस उथल-पुथल भरी कहानी को फिर से सामने लाती है, जब देश के बंटवारे ने लाखों लोगों की जिंदगी हमेशा के लिए बदल दी थी. डर, बिछड़ने और बेघर होने के उस दौर के बीच यह फिल्म एक ऐसे इंसान की प्रेरणादायक कहानी दिखाती है, जिसने नफरत के बजाय हिम्मत और इंसानियत का रास्ता चुना. फिल्म का टीजर रिलीज होने के बाद बॉबी देओल ने भी इसे लेकर अपनी एक्साइटमेंट जाहिर की है.
बॉबी देओल ने अपने सोशल मीडिया पर बंटवारा 1947 का टीजर शेयर करते हुए लिखा, "आप सबसे बेहतरीन हैं, भैया! इस फिल्म को देखने के लिए मैं बेहद उत्साहित हूं और बेसब्री से इसका इंतजार कर रहा हूं. आपको और पूरी टीम को मेरी तरफ से ढेरों शुभकामनाएं. टीजर शानदार लग रहा है. यकीन है कि यह फिल्म भी कमाल की होगी!"
बंटवारा 1947 के साथ यह चर्चित नाट्य कृति अब अभूतपूर्व स्तर पर बड़े पर्दे पर पहुंचने जा रही है. जिस कहानी के पाकिस्तान में कथित तौर पर वर्षों तक प्रतिबंधित रहने की बात कही जाती रही है, उसका अब एक भव्य सिनेमाई रूप में दर्शकों के सामने आना इस फिल्म को और भी खास बनाता है. यही वजह है कि बंटवारा 1947 को आने वाली सबसे दिलचस्प ऐतिहासिक फिल्मों में से एक माना जा रहा है.
फिल्म में शबाना आजमी, प्रीति जी ज़िंटा, करण देओल, अली फजल, अभिमन्यु सिंह, खुशी हजारे और कनिका कपूर जैसे कलाकार अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे. आमिर खान प्रोडक्शंस के बैनर तले बनी इस फिल्म का निर्देशन राजकुमार संतोषी ने किया है. फिल्म का संगीत ए. आर. रहमान ने तैयार किया है, जबकि गीत जावेद अख्तर ने लिखे हैं. फिल्म का निर्माण आमिर खान और अपर्णा पुरोहित ने किया है. बंटवारा 1947 14 अगस्त 2026 को दुनियाभर के सिनेमाघरों में रिलीज होगी.
यह भी पढ़ें: जब राज कुमार को नहीं पसंद आई गोविंदा की शर्ट, कैंची से काटकर बना लिया था रूमाल, पढ़ें जंग बाज फिल्म का किस्सा