सलमान खान के रियलिटी टीवी शो ‘बिग बॉस 19' की चर्चित कंटेस्टेंट रहीं फरहाना भट्ट ने अपने जीवन के सबसे मुश्किल और भावुक फैसले के बारे में खुलकर बात की. एक्ट्रेस ने बताया कि वह अपने सपनों को अहमियत देती हैं. इसी वजह से उन्होंने अपने परिवार से रिश्ता तोड़ लिया और उनसे कहा कि वे उन्हें सार्वजनिक रूप से बेदखल कर दें. फरहाना ने यह कदम अपने सपनों को पूरा करने के लिए उठाया. कश्मीर की रहने वाली फरहाना भट्ट को ‘बिग बॉस 19' में अपने बेबाक और निडर व्यक्तित्व के कारण खूब चर्चा मिली. शो के दौरान उनकी अभद्र भाषा पर काफी ट्रोलिंग भी हुई. शो के बाद फरहाना सिंगर और कंपोजर अमाल मलिक के साथ एक म्यूजिक वीडियो में भी नजर आईं. अब वह रोहित शेट्टी के स्टंट बेस्ड रियलिटी शो ‘खतरों के खिलाड़ी' के 15वें सीजन में हिस्सा लेने की तैयारी कर रही हैं.
फरहाना भट्ट ने परिवार से तोड़े रिश्ते
फरहाना ने अपनी भावनात्मक उथल-पुथल का जिक्र करते हुए बताया कि खून के रिश्तों यानी अपनों से उम्मीदें रखना स्वाभाविक है लेकिन जब सबसे मुश्किल वक्त में कोई साथ नहीं देता तो फैसला लेना और भी कठिन हो जाता है. आईएएनएस से खास बातचीत में फरहाना ने बताया, “मेरी जिंदगी का सबसे बड़ा जोखिम यह था कि मैंने खुद को अपने करीबी खून के रिश्तों से पूरी तरह अलग कर लिया मैंने उनसे कह दिया कि आप सार्वजनिक रूप से ऐलान कर सकते हैं कि ‘वह हमारी नहीं है' या उससे हमारा कोई रिश्ता नहीं है.”
ये भी पढे़ं- सलमान खान को अस्पताल से लौटते हुए पैपराजी पर आया गुस्सा, लिखा- 60 साल का हो गया हूं लेकिन लड़ना नहीं भूला
फरहाना भट्ट ने कहा- मैं अकेली रहूंगी
फरहाना ने बताया कि सपनों को पूरा करने के लिए उन्हें बड़ी कीमत चुकानी पड़ी. परिवार से दूरी का फैसला लेना आसान नहीं था, लेकिन उन्होंने अकेले लड़ने की हिम्मत जुटाई. फरहाना ने बताया, “जब आपके आसपास सच में कोई नहीं होता, सिर्फ आप और आपकी मां होती हैं और आप परिवार से रिश्ता तोड़ रहे होते हैं, तो उस पल आप खुद को पूरी तरह अकेलेपन के हवाले कर देते हैं. मैंने तय किया कि मैं अकेली रहूंगी, लेकिन अपने सपनों को नहीं छोडूंगी. यह मेरी जिंदगी का सबसे बड़ा जोखिम था.”
ये भी पढे़ं- साउथ के सिंघम की दहाड़, 5 दिनों में 150 करोड़ पार कमाई, त्रिशा कृष्णन ने दी बधाई
(इस खबर को एनडीटीवी टीम ने संपादित नहीं किया है. यह सिंडीकेट फीड से सीधे प्रकाशित की गई है।)