घूसखोर पंडत से पहले इन फिल्मों के नाम पर हुआ विवाद, दीपिका पादुकोण को तो मिल गई थी नाक काटने की धमकी

Ghooskhor Pandat Controversy: ओटीटी की दुनिया में कंटेंट भले नया हो, लेकिन विवादों की कहानी पुरानी है. हाल ही में मनोज बाजपेयी की अपकमिंग फिल्म का फर्स्ट लुक सामने आया तो सोशल मीडिया पर बहस छिड़ गई.

विज्ञापन
Read Time: 3 mins
Ghooskhor Pandat Controversy: घूसखोर पंडत नाम पर विवाद
Social Media
नई दिल्ली:

Ghooskhor Pandat Controversy: नेटफ्लिक्स ने हाल ही में मनोज बाजपेयी की एक नई फिल्म का फर्स्ट लुक रिलीज किया और इसके साथ ही विवाद भी शुरू हो गया. नीरज पांडेय के निर्देशन में बनी इस फिल्म का नाम ‘घूसखोर पंडत' है. कहानी एक घूसखोर पुलिस इंस्पेक्टर की है. लेकिन लोगों को फिल्म की कहानी से ज्यादा उसके टाइटल पर आपत्ति है. सोशल मीडिया पर इस फिल्म के नाम को लेकर नाराजगी देखी जा रही है. ये ऐसी पहली फिल्म नहीं है जिसके नाम पर बवाल हो रहा है. इससे पहले भी बॉलीवुड में कुछ ऐसी मूवीज बनी हैं, जिनके टाइटल पर खूब कॉन्ट्रोवर्सी हुई. मजबूरन फिल्म मेकर को फिल्म का नाम बदलना पड़ा. चलिए जानते हैं ऐसी ही कुछ फिल्मों के बारे में.

लक्ष्मी: जब देवी के नाम पर बवाल मच गया

अक्षय कुमार और कियारा आडवाणी स्टारर इस फिल्म का नाम पहले ‘लक्ष्मी बॉम्ब' था. ट्रेलर रिलीज होते ही फिल्म को लव जिहाद से जोड़ा गया और देवी लक्ष्मी के नाम के साथ ‘बॉम्ब' शब्द पर कड़ा विरोध हुआ. राजनीतिक संगठनों और कलाकारों की नाराजगी के बाद मेकर्स ने फिल्म का नाम बदलकर सिर्फ ‘लक्ष्मी' कर दिया. इसके बाद ही फिल्म डिजिटल प्लेटफॉर्म पर रिलीज हो पाई.

पदमावत: इतिहास और भावनाओं के बीच फंसी फिल्म

दीपिका पादुकोण, रणवीर सिंह और शाहिद कपूर की ये फिल्म रिलीज से पहले ही बड़े विवादों में घिर गई थी. करणी सेना ने फिल्म पर इतिहास से छेड़छाड़ का आरोप लगाया. पहले इसका नाम ‘पद्मावती' था. जिसे बदलकर ‘पदमावत' किया गया. कुछ सीन हटाने और बदलाव के बाद फिल्म 25 जनवरी 2018 को रिलीज हो सकी. साल 2017 में करणी सेना के नेता महीपाल सिंह मकराना ने धमकी दी थी कि अगर बालीवुड फिल्म पद्मावती पर प्रतिबंध नहीं लगाया गया और दीपिका पादुकोण अपनी भड़काऊ बातों से भावनाओं को भड़काना बंद नहीं करती हैं तो महाकाव्य रामायण में जिस तरह सूर्पणखा की नाक काट दी गई थी, उसी प्रकार की कार्रवाई की जाएगी.

उड़ता पंजाब: नाम नहीं बदला, लेकिन भारी कैंची चली

पंजाब में बढ़ते ड्रग्स के मुद्दे को दिखाने वाली इस फिल्म पर राज्य की छवि खराब करने के आरोप लगे. विरोध के बाद सेंसर बोर्ड ने फिल्म में 94 कट और कई बदलाव करवाए. भले ही नाम नहीं बदला, लेकिन विवाद ने फिल्म की रिलीज को काफी मुश्किल बना दिया.

गोलियों की रासलीला: राम-लीला: आस्था से जुड़ा विवाद

संजय लीला भंसाली की इस फिल्म का नाम पहले सिर्फ ‘रामलीला' था जिसका धार्मिक भावनाएं आहत होने की बात कहकर विरोध हुआ. इसके बाद फिल्म का पूरा नाम बदलकर ‘गोलियों की रासलीला: राम-लीला' रखा गया और कम्यूनिटी के नाम भी बदले गए.

लवरात्रि से लवयात्री तक

आयुष शर्मा की डेब्यू फिल्म का नाम पहले ‘लवरात्रि' था. नवरात्रि से मिलती जुलती स्पेलिंग को लेकर विरोध हुआ. सलमान खान ने खुद आगे आकर फिल्म का नाम ‘लवयात्री' करने का फैसला लिया.

Advertisement

बिल्लू: जब ‘बार्बर' शब्द पर उठे सवाल

शाहरुख खान और इरफान खान की 2009 की फिल्म का नाम पहले ‘बिल्लू बार्बर' था. सैलून और नाई समुदाय ने ‘बार्बर' शब्द को अपमानजनक बताया. विरोध के बाद मेकर्स को फिल्म का नाम बदलकर सिर्फ ‘बिल्लू' करना पड़ा.

जजमेंटल है क्या: मेंटल से जजमेंटल तक

कंगना रनौत और राजकुमार राव की इस फिल्म का नाम पहले ‘मेंटल है क्या' था. इंडियन साइकियाट्रिक सोसाइटी ने इसे मानसिक रूप से बीमार लोगों के लिए इंस्लटिंग बताया. सेंसर बोर्ड के निर्देश पर फिल्म का नाम बदलकर ‘जजमेंटल है क्या' किया गया.

Advertisement
Featured Video Of The Day
Syed Suhail | Ghaziabad 3 Sisters Case | Bharat Ki Baat Batata Hoon: Korean Game बना मौत की वजह !