बॉबी देओल स्टारर फिल्म 'बंदर' का ट्रेलर रिलीज होते ही सोशल मीडिया पर धमाल मच गया है. अनुराग कश्यप निर्देशित इस फिल्म को लेकर सोशल मीडिया पर दर्शकों में भारी उत्साह देखा जा रहा है. निखिल द्विवेदी की सैफरन मैजिकवर्क्स द्वारा प्रोड्यूस और ज़ी स्टूडियोज के सपोर्ट वाली फिल्म 'बंदर' में बॉबी देओल के साथ कई दमदार कलाकार हैं. ट्रेलर फिल्म की गहरी दुनिया, सरप्राइज, तगड़े डायलॉग्स, शानदार परफॉर्मेंस और सूक्ष्म ह्यूमर का शानदार नमूना पेश करता है. यही नहीं बंदर का ट्रेलर 21 मई को यूट्यूब रिलीज हुआ था और टॉप ट्रेंड कर रहा है.
यूट्यूब पर ट्रेंडिग में बंदर ट्रेलर
अनुराग कश्यप निर्देशित बॉबी देओल स्टारर फिल्म 'बंदर' का ट्रेलर रिलीज होते ही यूट्यूब पर ट्रेंडिंग में आ गया है. ट्रेलर ने सिर्फ 2 दिनों में 1 करोड़ व्यूज पार कर लिए हैं. ट्रेलर में बॉबी देओल के रॉ और इंटेंस लुक को दर्शकों का जबरदस्त रिस्पॉन्स मिल रहा है. ये ट्रेलर यूट्यूब पर छठे नंबर पर ट्रेंड कर रहा है.
'एनिमल' के बाद बॉबी देओल का नया अवतार
'एनिमल' में म्यूट विलेन के रोल से जबरदस्त प्रभाव छोड़ने के बाद बॉबी देओल अब गहरे, डार्क और अलग तरह के किरदारों की ओर बढ़ रहे हैं. 'बंदर' में वो समीर मेहरा का रोल निभा रहे हैं, एक ढलते पॉप स्टार और परेशान क्रिएटिव व्यक्ति, जिस पर यौन शोषण के गंभीर आरोप लगते हैं।. फिल्म एक हाई-स्टेक्स क्राइम थ्रिलर है जिसमें कोर्टरूम ड्रामा, मीडिया ट्रायल और सिस्टम की कमियों को दिखाया गया है.
प्रमोशन्स के लिए यूके से भारत लौटे बॉबी
सूत्रों के मुताबिक, 'बॉबी देओल अपनी मौजूदा शूटिंग से छोटा ब्रेक लेकर यूके से भारत वापस आ गए हैं ताकि वो 'बंदर' की रिलीज और प्रमोशन्स में पूरी तरह शामिल हो सकें. ट्रेलर और टीजर में उनके लुक को मिला रिस्पॉन्स जबरदस्त है. यह उनके लिए बिल्कुल नया और अनएक्सपेक्टेड रोल है.'
फिल्म की टीम
फिल्म को सुदीप शर्मा और अभिषेक बनर्जी ने लिखा है, जो 'पाताल लोक', 'कोहरा' और 'उड़ता पंजाब' जैसी चर्चित वेब सीरीज की लेखक जोड़ी हैं. फिल्म में बॉबी देओल के अलावा सान्या मल्होत्रा, सपना पब्बी, सबा आजाद और अन्य कलाकार भी हैं. फिल्म 5 जून को रिलीज हो रही है.