मशहूर रैपर बादशाह मंगलवार को नेशनल कमीशन फॉर वीमेन (NCW) के सामने पेश हुए. उन्हें उनके गाने ‘टटीरी' को लेकर बुलाया गया था, जिस पर अश्लीलता और महिलाओं को गलत तरीके से दिखाने के आरोप लगे थे. सुनवाई के दौरान बादशाह ने आयोग को लिखित माफी भी सौंपी. उनके वकील अक्षय दहिया ने इसकी पुष्टि की. सूत्रों के अनुसार, बादशाह ने आयोग को भरोसा दिया कि वह अगले चार महीनों में महिलाओं को सशक्त बनाने पर एक नया गाना बनाएंगे. इसके साथ ही उन्होंने 50 लड़कियों की शिक्षा का खर्च उठाने और महिला कल्याण से जुड़े कामों के लिए फंड जुटाने का वादा भी किया है.
NCW ने इस मामले में गाने के बोल और वीडियो को आपत्तिजनक बताया था. आयोग का कहना था कि इसमें महिलाओं को गलत तरीके से पेश किया गया है, जिससे समाज में गलत संदेश जा सकता है. इसी वजह से बादशाह को नोटिस जारी किया गया था.
विवाद की वजह और आगे क्या
गौरतलब है कि ‘टटीरी' गाना मार्च में रिलीज हुआ था और रिलीज होते ही विवादों में आ गया. हरियाणा में इस गाने को लेकर एफआईआर भी दर्ज की गई थी. राज्य महिला आयोग ने भी इस पर कार्रवाई शुरू की थी. बढ़ते विरोध के बाद इस गाने को हटा लिया गया और बादशाह ने पहले भी सार्वजनिक रूप से माफी मांगी थी. इस मामले में कई कानूनों पर भी चर्चा हो रही है, जिनमें महिलाओं के अशोभनीय चित्रण से जुड़ा कानून और आईटी एक्ट की धारा 67 शामिल है. इसके अलावा आईपीसी की धारा 292 और 294 के तहत भी जांच हो सकती है.
यह भी पढ़ें: Opinion: कितनी हकीकत, कितनी बकवास? रणवीर सिंह की फिल्म धुरंधर 2 का नॉन फिल्मी रिव्यू
अब सभी की नजर इस बात पर है कि क्या बादशाह अपने वादे को पूरा करेंगे. NCW भी उनके द्वारा किए गए वादों की समीक्षा करेगा. आने वाले समय में यह साफ होगा कि उनका महिलाओं के लिए गाना और सामाजिक पहल कितनी प्रभावी साबित होती है.