FWICE पर सवाल उठाने वाले राम गोपाल वर्मा पर बरसे अशोक पंडित, कहा- 'पहले 1.25 करोड़ चुकाओ फिर बात करो'

FWICE पर सवाल उठाने वाले राम गोपाल वर्मा को अशोक पंडित ने घेरते हुए दावा किया कि 2019 से तकनीशियनों और कामगारों का 1.25 करोड़ रुपये से ज्यादा बकाया अब भी नहीं चुकाया गया है.

विज्ञापन
Read Time: 3 mins
अशोक पंडित ने राम गोपाल वर्मा पर उठाए सवाल

रणवीर सिंह और डॉन 3 विवाद को लेकर आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस की शुरुआत में इंडियन फिल्म एंड टेलीविजन डायरेक्टर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष अशोक पंडित ने फिल्मकार राम गोपाल वर्मा पर तीखा हमला बोला. हाल ही में राम गोपाल वर्मा ने एक सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए फेडरेशन ऑफ वेस्टर्न इंडिया सिने एम्प्लॉइज (एफडब्ल्यूआईसीई) पर सवाल उठाते हुए इसे बंद करने की बात कही थी. इसी बयान का जवाब देते हुए अशोक पंडित ने कहा कि लोकतंत्र में किसी को भी अपनी राय रखने का अधिकार है, लेकिन तथ्यों को नजरअंदाज नहीं किया जा सकता.

अशोक पंडित ने कहा, “लोकतंत्र है, आप कुछ भी बोल सकते हैं, लेकिन मैं आज राम गोपाल वर्मा को याद दिलाना चाहता हूं कि उनके ऊपर तकनीशियनों और कामगारों का एक करोड़ पच्चीस लाख रुपये से अधिक का बकाया है. जब हम यह बात कह रहे हैं तो फेडरेशन की तरफ से कह रहे हैं. हम किसी पर हवा में आरोप नहीं लगा रहे हैं और न ही किसी से बदला लेने की कोशिश कर रहे हैं.” उन्होंने आगे कहा, “यह मामला आज का नहीं है. वर्ष 2017 से यह प्रकरण चल रहा है. राम गोपाल वर्मा ने ‘ऑफिसर' नाम की एक तेलुगू फिल्म बनाई थी. उस फिल्म से जुड़े तकनीशियनों और कामगारों के भुगतान को लेकर फेडरेशन लगातार उनसे संपर्क करती रही, बातचीत करती रही और समाधान निकालने की कोशिश करती रही.”

अशोक पंडित ने प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान एक पत्र का हवाला देते हुए बताया कि वर्ष 2019 में राम गोपाल वर्मा की कंपनी ने स्वयं फेडरेशन को लिखित रूप से आश्वासन दिया था कि सभी बकाया राशि का भुगतान 4 मार्च 2019 तक कर दिया जाएगा. उन्होंने कहा, “उस पत्र में स्पष्ट रूप से स्वीकार किया गया था कि तकनीशियनों और अन्य संबंधित लोगों का भुगतान लंबित है और कंपनी ने उसे चुकाने का वादा भी किया था.” उन्होंने आरोप लगाया कि “2019 से लेकर 2026 तक एक भी रुपया तकनीशियनों को नहीं मिला है. आज तक वह बकाया जस का तस है. ऐसे में फेडरेशन को बंद करने जैसी बातें करना दुर्भाग्यपूर्ण है.”

अशोक पंडित ने आगे कहा, “हम राम गोपाल वर्मा के इस बयान पर कड़ा ऐतराज जताते हैं. उन्हें फेडरेशन से माफी मांगनी चाहिए. जिस संस्था ने लाखों तकनीशियनों और कामगारों के हितों की रक्षा के लिए लगातार काम किया है, उसके खिलाफ इस तरह की भाषा का इस्तेमाल उचित नहीं है.” उन्होंने कहा कि फेडरेशन रोजाना साढ़े चार लाख से अधिक तकनीशियनों और कामगारों के हितों की रक्षा के लिए काम करती है और ऐसे संगठनों को कमजोर करने के बजाय मजबूत किया जाना चाहिए.

Advertisement

गौरतलब है कि रणवीर सिंह और डॉन 3 विवाद के बीच एफडब्ल्यूआईसीई की ओर से आयोजित इस प्रेस कॉन्फ्रेंस में विभिन्न फिल्म संगठनों के प्रतिनिधि मौजूद थे. हालांकि चर्चा का मुख्य विषय रणवीर सिंह से जुड़ा मामला था, लेकिन शुरुआत में राम गोपाल वर्मा और तकनीशियनों के बकाया भुगतान का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया गया. अब यह देखना दिलचस्प होगा कि अशोक पंडित के आरोपों पर राम गोपाल वर्मा की ओर से कोई प्रतिक्रिया आती है या नहीं.

यह भी पढ़ें: आमिर खान तीसरी बार बनेंगे दूल्हा, 5 जुलाई को गौरी से करेंगे शादी, पढ़ें डिटेल्स

Featured Video Of The Day
"बाहर से ताला, अंदर तड़प रहे थे लोग..." दिल्ली होटल अग्निकांड में चश्मदीद का दावा
Topics mentioned in this article