रामानंद सागर की ऐतिहासिक 'रामायण' में भगवान श्रीराम का किरदार निभाकर अरुण गोविल ने भारतीय दर्शकों के दिलों में अमिट पहचान बनाई. बता दें कि एक्टिंग के सफर में अरुण गोविल का सफर रामायण से पहले ही शुरू हो चुका था. उन्होंने कई टीवी सीरियल्स में काम किया था जिसके बाद ही उन्हें रामायण में राम के किरदार के लिए चुना गया था. अरुण गोविल ने टीवी के साथ ही कई भोजपुरी फिल्मों में भी काम किया जिसमें से कुछ फिल्में ब्लॉकबस्टर रहीं. आज हम आपको अरुण गोविल की उन सभी फिल्मों के बारे में बताने जा रहे हैं जो हिट साबित हुईं और इनमें अरुण गोविल की शानदार एक्टिंग भी देखने को मिली.
गंगा धाम
अरुण गोविल की पहली फिल्म साल 1980 में आई थी. यह एक भोजपुरी फिल्म थी. इस फिल्म का डायरेक्शन बीएस थापा ने किया था. इस फिल्म में अरुण गोविल के साथ ही ओम शिवपुरी और नमिता चंद्रा भी शामिल थीं. इस फिल्म के गानों को आशा भोसले और मोहम्मद रफी ने गाया था.
बाबुल प्यारे
साल 2006 में रिलीज हुई 'बाबुल प्यारे' अरुण गोविल के करियर की सफल फिल्मों में गिनी जाती है. राजेश भट्ट के निर्देशन में बनी यह रोमांटिक पारिवारिक फिल्म एक युवती की कहानी दिखाती है, जो अपनी सहेली की शादी में शामिल होने के लिए लंदन पहुंचती है. वहीं उसकी मुलाकात एक ऐसे व्यक्ति से होती है, जिससे उसे प्यार हो जाता है. लेकिन जब वह अपने रिश्ते को परिवार के सामने लाती है, तो उसके पिता इस का विरोध करते हैं. फिल्म में अरुण गोविल के अलावा ऋषिता भट्ट और राज बब्बर ने भी खास भूमिकाएं निभाई थीं.
गांव देस
1997 में रिलीज हुई इस फिल्म में अरुण गोविल के साथ ही कुणाल सिंह, उपमा श्रीवास्तव, दीपक शंकर, विमल सिंह और सुरेंद्र पाल जैसे कलाकारों के साथ अहम भूमिका निभाई. रिलीज के बाद इस फिल्म को दर्शकों का अच्छा प्यार मिला और समय के साथ इसे भोजपुरी सिनेमा की यादगार और चर्चित क्लासिक फिल्मों में गिना जाने लगा.
प्यारी दुल्हनिया
अरुण गोविल की दूसरी हिट फिल्म साल 1989 में आई प्यारी दुल्हनिया थी. इस फिल्म में अरुण गोविल के साथ बंदिनी मिश्रा और मीरा माधुरी थीं. बता दें कि इस फिल्म को भोजपुरी सिनेमा में क्लासिक फिल्मों में गिना जाता है. इस फिल्म के गाने भी लोगों को काफी ज्यादा पसंद आए थे.
देवर भाभी
अरुण गोविल की हिट फिल्मों में 'देवर भाभी' भी शामिल है, जिसने बॉक्स ऑफिस पर शानदार सफलता हासिल की थी. इस फिल्म में उनके साथ उपासना सिंह और विश्वजीत मुख्य भूमिकाओं में दिखाई दिए. फिल्म में अरुण गोविल ने विजय का किरदार निभाया, जो अपने बड़े भाई ठाकुर हरिश्चंद्र की मौत के बाद पूरे परिवार की जिम्मेदारी अपने कंधों पर उठा लेता है. वह अपनी भाभी का सहारा बनकर हर मुश्किल घड़ी में उनके साथ खड़ा रहता है.