एक दौर था जब पंजाबी लोकगीतों की अपनी अलग पहचान हुआ करती थी. इन्हीं में से एक है ‘अर्जन वैली', जिसकी धुन और बोल आज भी लोगों को खूब पसंद आते हैं. इस गाने का जुड़ाव साल 1983 में रिलीज हुई पंजाबी फिल्म ‘पुत्त जट्टां दे' से है. फिल्म में शत्रुघ्न सिन्हा नजर आए थे. हालांकि, इस लोकगीत को नई पीढ़ी के बीच खास पहचान फिल्म ‘एनिमल' के बाद मिली. रणबीर कपूर की फिल्म में इस्तेमाल होने के बाद ‘अर्जन वैली' एक बार फिर चर्चा में आ गया. सोशल मीडिया से लेकर शादी-पार्टियों तक इसकी धुन सुनाई देने लगी.
‘अर्जन वैली' पंजाबी लोक परंपरा से जुड़ा गीत है. पुरानी फिल्म में शत्रुघ्न सिन्हा के साथ बलदेव खोसा और प्रीत कौर जैसे कलाकार नजर आए थे. फिल्म का निर्देशन धर्मेंद्र ने किया था. यह पंजाबी सिनेमा की उन फिल्मों में शामिल रही, जिनमें गांव, जमीन और जट्टों की जिंदगी से जुड़े पहलुओं को दिखाया गया.
ग्रामीण लोगों के जीवन पर बेस्ड फिल्म
‘पुत्त जट्टां दे' की कहानी पंजाब के ग्रामीण परिवेश और वहां के लोगों के जीवन पर आधारित थी. इसमें जमीन, परिवार, रिश्तों और संघर्ष की झलक देखने को मिली थी. फिल्म में शत्रुघ्न सिन्हा की मौजूदगी ने भी दर्शकों का ध्यान खींचा. पंजाबी संस्कृति और लोक संगीत फिल्म की खासियतों में शामिल थे.
‘एनिमल' ने नई पीढ़ी तक पहुंचाया
साल 2023 में रिलीज हुई रणबीर कपूर की फिल्म ‘एनिमल' में ‘अर्जन वैली' का इस्तेमाल किया गया. संदीप रेड्डी वांगा के निर्देशन में बनी इस फिल्म में गाने को भूपिंदर बब्बल ने अपनी आवाज दी. फिल्म के एक्शन दृश्यों के साथ इसकी दमदार धुन ने दर्शकों पर गहरा असर छोड़ा. इसके बाद युवा पीढ़ी भी इस पंजाबी लोकगीत को पहचानने लगी. आपको बता दें कि संदीप रेड्डी की फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर 1000 करोड़ से अधिक का कलेक्शन किया था.
ये भी पढ़ें: 'छठ माई के करब हम बरतिया' रानी चटर्जी का सुपरहिट छठ गीत, 13 साल पहले हुआ रिलीज बताता है महापर्व की महिमा
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं