Apex Movie Review in Hindi: 2 एक्टर, एक शिकार, दूसरा शिकारी, सांसें रोक देगी नेटफ्लिक्स की एपेक्स, पढ़ें मूवी रिव्यू

Apex Review in Hindi: नेटफ्लिक्स पर सर्वाइवल थ्रिलर एपेक्स 24 अप्रैल को रिलीज हो गई है. आइए जानते हैं कैसी है सांसें रोक देने वाली ये फिल्म. पढ़ें मूवी रिव्यू.

विज्ञापन
Read Time: 3 mins
Apex Review in Hindi: जानें कैसी है एपेक्स मूवी

Apex Movie Review in Hindi: नेटफ्लिक्स पर रिलीज हुई थ्रिलर फिल्म एपेक्स अभी-अभी खत्म की है. और सच कहूं तो फिल्म शुरू होते ही उसमें पूरी तरह से डूब गया. एक समय तो ऐसा आया कि महसूस हुआ जैसे ऑस्ट्रेलिया के घने जंगलों में हूं, शार्लीज थेरोन के साथ, उसके संघर्ष का हिस्सा बनकर. नेटफ्लिक्स फिल्म एपेक्स में शार्लीज थेरोन लीड रोल में हैं. फिर शार्लीज थेरोन ने साशा का किरदार जिस शिद्दत और संवेदनशीलता से निभाया है, वो देखकर लगता है कि उन्हें यूं ही नहीं दुनिया की बेस्ट एक्ट्रेसेस में गिना जाता है. फिर सिर्फ दो एक्टर्स के साथ जिस तरह इस फिल्म को बनाया गया है, वह काबिलेतारीफ है.

एपेक्स का शुरुआती ट्रेकिंग वाला सीक्वेंस, एरिक बाना के साथ वो तूफान और हिमस्खलन, दिल थामकर देखना पड़ता है. पांच महीने बाद जब साशा अकेली वांडारा नेशनल पार्क जाती है, पति का लकी कंपास हाथ में लेकर, तो स्क्रीन पर उदासी और जोश का ऐसा मिश्रण बहने लगता है कि सांस अटक जाती है. 

Apex Movie: एपेक्स में खतरनाक बेन के रोल में है टारन एगर्टन

फिर होती है बेन के रोल में टारन एगर्टन की एंट्री. वो पागल शिकारी जो क्रॉसबो लेकर घूमता है और साशा को अपना शिकार समझता है. दोनों के बीच का बिल्ली-चूहे का खेल इतना कसा हुआ है कि बीच-बीच में सांस रुक जाती है. नदी में कयाकिंग, गुफा वाला सीक्वेंस, निर्देशक बाल्टासर कोरमाकुर ने फिल्म में जो रॉनेस डाली है, वो देखकर लगता है कि साशा को जितना जूझना हालात से पड़ता है, उतना ही मुकाबला उसे प्रकृति से भी करना पड़ता है. लेकिन बेन से जुड़ा रहस्य चौंकाने वाला है.

एपेक्स की सिनेमैटोग्राफी कमाल की है. ऑस्ट्रेलिया का जंगल इतना खूंखार और खूबसूरत एक साथ दिखाया गया कि लगा प्रकृति ही सबसे बड़ी खलनायक है. हां, कुछ मोड़ पहले से ही समझ में आ जाते हैं, खासकर फिल्म का अंत. 95 मिनट की फिल्म कभी धीमी नहीं पड़ती, मगर किरदारों में थोड़ी और गहराई होती तो और भी बेहतर बन जाती. फिर भी शार्लीज की मेहनत, टारन एगर्टन की डरावनी मौजूदगी और आखिरी चढ़ाई, ये सब देखकर मुंह से वाह ही निकलता है.

Advertisement

Apex Review: नेटफ्लिक्स फिल्म एपेक्स में शार्लीज थेरोन और टारन एगर्टन

एपेक्स नेटफ्लिक्स की मजबूत सर्वाइवल थ्रिलर है. अगर आपको जोश भरी कहानियां, जंगल का माहौल और मजबूत महिला किरदार पसंद हैं तो बिना सोचे देख लो. ये शोक को जीतने की कहानी है, जहां इंसान ना सिर्फ प्रकृति से, बल्कि दूसरे इंसान से भी लड़ता है.

ओटीटी: नेटफ्लिक्स
रेटिंग: 3.5/5 स्टार
डायरेक्टर: बाल्टासर कोरमाकुर
एक्टर: शार्लीज थेरोन, टारन एगर्टन, एरिक बाना

Featured Video Of The Day
PM Modi Sikkim Visit | युवाओं के साथ PM मोदी ने खेला फुटबॉल, किए कितने गोल?