19 साल बाद फिर छाया ‘ऊंचा लंबा कद’, आनंद राज आनंद ने बताया कैसे बना था अक्षय-कैटरीना का सुपरहिट गाना

‘ऊंचा लंबा कद’ के दोबारा ट्रेंड करने पर आनंद राज आनंद ने खुलासा किया कि यह गाना उन्होंने पहले अपने म्यूजिक एल्बम के लिए बनाया था, जिसे बाद में अनीस बज्मी ने फिल्म ‘वेलकम’ में शामिल किया. अब अक्षय कुमार और दिशा पाटनी पर फिल्माए गए इसके नए वर्जन को भी दर्शकों का भरपूर प्यार मिल रहा है.

विज्ञापन
Read Time: 4 mins
आनंद राज आनंद ने गाया 'ऊंचा लंबा कद' गाना

बॉलीवुड में कुछ गाने ऐसे होते हैं, जो वक्त के साथ पुराने नहीं पड़ते, बल्कि हर नई पीढ़ी के साथ फिर से लोकप्रिय हो जाते हैं. ऐसा ही एक गाना है ‘ऊंचा लंबा कद', जिसने साल 2007 में रिलीज हुई फिल्म ‘वेलकम' में दर्शकों का दिल जीत लिया था. अब करीब 19 साल बाद यह गाना एक बार फिर चर्चा में है. इस बार इसे फिल्म ‘वेलकम टू द जंगल' के लिए रीक्रिएट किया गया है, जिसमें अक्षय कुमार के साथ दिशा पाटनी नजर आ रही हैं. इस गाने के पीछे की दिलचस्प कहानी खुद इसके संगीतकार, गीतकार और गायक आनंद राज आनंद ने साझा की है. इस गाने में अक्षय कुमार के साथ पहले कैटरीना कैफ नजर आई थीं.

उन्होंने बताया कि ‘ऊंचा लंबा कद' की शुरुआत किसी फिल्मी प्रोजेक्ट के रूप में नहीं हुई थी. दरअसल, उन्होंने यह गाना अपने निजी म्यूजिक एल्बम के लिए तैयार किया था और इसे अपनी ही आवाज में रिकॉर्ड किया था.

आनंद राज आनंद का सुपरहिट गाना 

आनंद राज आनंद के मुताबिक, जब निर्देशक अनीस बज्मी अपनी फिल्म ‘वेलकम' के लिए अक्षय कुमार और कैटरीना कैफ पर फिल्माए जाने वाले एक खास गाने की तलाश में थे, तब उन्होंने यह ट्रैक उन्हें सुनाया. गाना सुनते ही अनीस बज्मी को यह बेहद पसंद आया और उन्होंने इसे फिल्म में शामिल करने का फैसला कर लिया. आनंद राज आनंद का कहना है कि उस समय अनीस बज्मी ने उनसे वादा किया था कि गाना उनकी ही आवाज में रखा जाएगा और आखिरकार ऐसा ही हुआ.

फिल्म रिलीज हुई और ‘ऊंचा लंबा कद' देखते ही देखते देशभर में सुपरहिट बन गया. शादी-पार्टियों से लेकर क्लब और स्टेज शो तक, यह गाना हर जगह बजने लगा. आज भी इसे बॉलीवुड के सबसे लोकप्रिय डांस नंबरों में गिना जाता है. आनंद राज आनंद ने बताया कि इस गाने को डिजिटल प्लेटफॉर्म्स पर अरबों बार देखा और सुना जा चुका है. उनके मुताबिक, यूट्यूब पर ही इसके विभिन्न वर्जन्स को 2.5 बिलियन से ज्यादा व्यूज मिल चुके हैं.

Advertisement

नए अंदाज में 'ऊंचा लंबा कद'

अब जब ‘वेलकम टू द जंगल' के लिए इस गाने को नए अंदाज में पेश किया गया है, तो आनंद राज आनंद बेहद खुश हैं. उन्होंने कहा कि अक्षय कुमार, फिल्म के निर्माताओं और म्यूजिक कंपनी ने इसे भव्य स्तर पर फिल्माया है. खास बात यह है कि रीक्रिएटेड वर्जन में गाने की मूल आत्मा को बरकरार रखा गया है. गीत, धुन और मूल भावनाओं में ज्यादा बदलाव नहीं किया गया, बल्कि आधुनिक संगीत और नए बीट्स जोड़कर इसे आज की पीढ़ी के लिए तैयार किया गया है.

आनंद राज आनंद का मानना है कि किसी भी कलाकार के लिए इससे बड़ी खुशी नहीं हो सकती कि उसका बनाया हुआ गाना दो दशक बाद भी लोगों के बीच उतना ही लोकप्रिय हो. उनका कहना है कि नए वर्जन को मिल रहा प्यार इस बात का सबूत है कि अच्छी धुनें कभी पुरानी नहीं होतीं.

Advertisement

यह भी पढ़ें: FWICE पर सवाल उठाने वाले राम गोपाल वर्मा पर बरसे अशोक पंडित, कहा- 'पहले 1.25 करोड़ चुकाओ फिर बात करो'

अक्षय कुमार और दिशा पाटनी पर फिल्माया गया ‘ऊंचा लंबा कद' का नया वर्जन सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. ऐसे में यह कहना गलत नहीं होगा कि आनंद राज आनंद का यह सदाबहार गीत एक बार फिर दर्शकों के दिलों पर राज करने के लिए तैयार है.

Featured Video Of The Day
Ujjain में Muharram के जुलूस में स्टंट, क्रेन से कार लटकाकर आसमान में 40 फीट ऊपर किया ब्लास्ट
Topics mentioned in this article
Bollywood
Entertainment
Akshay Kumar
Anand Raj Anand