दृश्यम 3 के शोर में भूल मत जाइएगा कि कई ऐसी भी फिल्में हैं जो बॉक्स ऑफिस पर लंबे समय से जोर लगाए हुए हैं. ना तो इनका बड़ा बजट है और ना ही सुपरस्टार स्टारकास्ट. यहां हम बात उस फिल्म की करने जा रहे हैं जो चार हफ्तों से बॉक्स ऑफिस पर टिकी हुई है. ना सुपरस्टार और ना ही बिग बजट, फिर भी इसने दमदार एक्टिंग और कहानी की वजह से बॉक्स ऑफिस पर अपने बजट का कई गुना वसूल लिया है. यहां हम जिक्र कर रहे हैं पार्वती तिरुवोथु की मलयालम फिल्म प्रथम दृष्ट्या कुट्टक्कार (Pradhama Drishtya Kuttakkar Box Office Collection) की. जो रिलीज के चौथे हफ्ते में भी सिनेमाघरों में पकड़ बनाए हुए है. ताजा बॉक्स ऑफिस अपडेट के मुताबिक, 22वें दिन फिल्म ने करीब 42 लाख रुपये का ग्रॉस कलेक्शन किया. इसी के साथ केरल में फिल्म की कुल कमाई लगभग 23.90 करोड़ रुपये और वर्ल्डवाइड कलेक्शन लगभग 44.80 करोड़ रुपये के आसपास पहुंच गया है.
पुलिस स्टेशन की कहानी, चार हफ्ते से जनता जिसकी दीवानी
‘प्रथम दृष्ट्या कुट्टक्कार' 11 सितंबर 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज हुई थी. शाहद नीलांबूर के निर्देशन में बनी इस इन्वेस्टिगेटिव क्राइम थ्रिलर में पार्वती तिरुवोथु के साथ मैथ्यू थॉमस, विजयाराघवन, विनय फोर्ट, सिद्धार्थ भरतन और उन्निमाया प्रसाद लीड रोल में हैं. फिल्म की कहानी पुलिस स्टेशन और वहां काम करने वाले अधिकारियों के इर्द-गिर्द घूमती है.
पार्वती इस फिल्म में पहली बार पुलिस अधिकारी के किरदार में हैं. वे महिला कांस्टेबल के रोल में हैं, जो पति की मौत के बाद अनुकम्पा नियुक्ति के जरिए पुलिस सेवा में आती है. इसके बाद पुलिस स्टेशन में घटने वाली घटनाएं कहानी को एक अलग मोड़ देती हैं.
प्रथम दृष्ट्या कुट्टक्कार का बजट और कमाई
फिल्म के बजट को लेकर भी अलग-अलग आंकड़े मौजूद हैं. बॉक्स ऑफिस बजनेस ने इसका बजट करीब 10 करोड़ रुपये बताया है, जबकि IMDb की मौजूदा लिस्टिंग में बजट 5 करोड़ रुपये दर्ज है. वहीं एक अन्य बॉक्स ऑफिस ट्रैकर 3 करोड़ रुपये का बजट बताता है. ऐसे में फिल्म के आधिकारिक बजट की पुष्टि निर्माताओं की ओर से नहीं हुई है. फिलहाल फिल्म का चौथे हफ्ते में भी सिनेमाघरों में टिके रहना कोई आसान बात नहीं है, फिर अगर फिल्म छोटे बजट की हो तो यह बात और भी खास हो जाती है.