‘पुष्पा 2: द रूल' के प्रीमियर की वो रात आज भी एक परिवार के लिए किसी बुरे सपने से कम नहीं है. फिल्म देखने की खुशी कुछ ही मिनटों में दर्द, डर और अस्पताल के लंबे संघर्ष में बदल गई. भगदड़ में घायल हुए छोटे श्रीतेज ने पिछले कई महीनों से अस्पताल, मशीनों और थेरेपी के बीच जिंदगी की लड़ाई लड़ी है. परिवार आज भी इस उम्मीद में जी रहा है कि उनका बेटा एक दिन फिर पहले की तरह मुस्कुराएगा. ऐसे मुश्किल वक्त में अल्लू अर्जुन के पिता और मशहूर प्रोड्यूसर अल्लू अरविंद अपनी बहू और अल्लू अर्जुन की पत्नी स्नेहा रेड्डी के साथ श्रीतेज के घर पहुंचे और परिवार के साथ कुछ भावुक लम्हे बिताए.
ये भी पढ़ें: पश्चिम बंगाल में रिलीज होगी 'द बंगाल फाइल्स', ममता सरकार ने जताया था विरोध
भावुक हुए अल्लू अरविंद
अल्लू अरविंद और स्नेहा रेड्डी ने श्रीतेज के परिवार के साथ काफी समय बिताया. उन्होंने बच्चे की सेहत के बारे में जानकारी ली और परिवार को हिम्मत दी कि वो इस मुश्किल सफर में अकेले नहीं हैं. इस दौरान सबसे भावुक पल तब आया जब अल्लू अरविंद ने श्रीतेज की छोटी बहन की पढ़ाई की जिम्मेदारी उठाने का वादा किया. उन्होंने बच्ची से कहा कि वो बस अच्छे से पढ़ाई करे. उसकी पूरी पढ़ाई का खर्च वो खुद उठाएंगे. ये सुनकर परिवार की आंखें नम हो गईं. सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो में भी माहौल बेहद इमोशनल नजर आया. फैंस लगातार अल्लू परिवार के इस कदम की तारीफ कर रहे हैं और इसे इंसानियत की मिसाल बता रहे हैं.
बच्चे के भविष्य के लिए 2 करोड़ की FD
सिर्फ इमोशनल सपोर्ट ही नहीं अल्लू फैमिली ने श्रीतेज के भविष्य को सुरक्षित करने की दिशा में भी बड़ा कदम उठाया है. उनके जरिए बच्चे के नाम 2 करोड़ रुपये की फिक्स्ड डिपॉजिट करवाई गई है. ताकि आगे उसके इलाज और जरूरतों में कोई कमी न आए. बताया जा रहा है कि हादसे के बाद से ही अल्लू परिवार और ‘पुष्पा 2' से जुड़े लोग मेडिकल खर्च में लगातार मदद कर रहे हैं. श्रीतेज के पिता भास्कर ने कुछ समय पहले बताया था कि उनका बेटा अब भी लोगों को ठीक से पहचान नहीं पाता. वो स्पीच और स्वॉलोइंग थेरेपी से गुजर रहा है. दिसंबर 2024 में हैदराबाद के संध्या थिएटर के बाहर हुई भगदड़ ने इस परिवार की जिंदगी हमेशा के लिए बदल दी.