2000 के दशक की शुरुआत में बॉलीवुड के गलियारों में अक्षय कुमार और प्रियंका चोपड़ा के बीच नजदीकियों की खबरें खूब सुर्खियों में रहीं. दोनों ने अंदाज, ऐतराज और वक्त: द रेस अगेंस्ट टाइम जैसी फिल्मों में साथ काम किया और उनकी ऑन-स्क्रीन केमिस्ट्री भी चर्चा में रही. इसी दौरान अफेयर की अफवाहों ने जोर पकड़ा और कहा गया कि इसका असर उनकी पर्सनल लाइफ तक पहुंच गया. फिल्ममेकर सुनील दर्शन के एक इंटरव्यू के वायरल क्लिप में उस दौर से जुड़ी बातें फिर सामने आई हैं, जिसने इन चर्चाओं को एक बार फिर ताजा कर दिया है.
ये भी पढ़ें: अपनी आवाज से फिल्मों को हिट बनाता था ये सिंगर, इमरान हाशमी की बदली तकदीर, आज बॉलीवुड से है कोसों दूर
‘बरसात' से पीछे हटे अक्षय, वजह बनी पर्सनल लाइफ?
सुनील दर्शन ने इंटरव्यू में बताया कि वह बरसात फिल्म पर काम कर रहे थे. यह ट्विंकल की डेब्यू फिल्म बरसात से अलग थी. ट्विंकल और बॉबी देओल की फिल्म 1995 में आई थी, जबकि सुनील दर्शन ने प्रियंका और बॉबी देओल के साथ 2005 में सेम टाइटल के साथ फिल्म बनाई थी. इस फिल्म में पहले प्रियंका के अपोजिट अक्षय कुमार को लिया गया था. शुरुआती दौर में अक्षय कुमार और प्रियंका चोपड़ा के साथ फिल्म का कुछ हिस्सा शूट भी हो चुका था. सुनील दर्शन ने बताया कि, एक वक्त ऐसा आया जब अक्षय की पर्सनल लाइफ में उथल-पुथल बढ़ गई और उन्होंने खुद उनसे फिल्म छोड़ने की इजाजत मांगी. दरअसल, उस दौर में चल रही दोनों के अफेयर की चर्चाएं अक्षय कुमार की पर्सनल लाइफ तक पहुंच गई थीं.
‘जिम्मेदारी शादीशुदा आदमी की ज्यादा होती है'
सुनील दर्शन ने यह भी कहा कि ऐसे मामलों में जिम्मेदारी ज्यादा उस शख्स की होती है, जो शादीशुदा है. उनके मुताबिक, इंडस्ट्री में काम करने वाले लोग परिस्थितियों को समझते हैं, लेकिन फिर भी एक सीमा होती है, जिसे पार करने पर पर्सनल और प्रोफेशनल दोनों जिंदगी प्रभावित हो सकती हैं. दिलचस्प बात यह रही कि उन्होंने प्रियंका चोपड़ा को इस पूरे मामले के लिए जिम्मेदार नहीं ठहराया. उनका कहना था कि हर एक्टर अपने करियर और मौके के हिसाब से फैसले लेता है. मजेदार बात ये है कि ‘बरसात' का एक पूरा गाना अक्षय कुमार और प्रियंका चोपड़ा के साथ शूट हो चुका था. बाद में अक्षय के फिल्म से बाहर होने के बाद उसी गाने को दोबारा बॉबी देओल और प्रियंका पर शूट किया गया. आज यूट्यूब पर दोनों वर्जन मौजूद हैं और खूब देखे जाते हैं.