'ऐसा बिलकुल मत कीजिए', घिस-घिस गाने की शूटिंग में अक्षय कुमार ने अक्षरा सिंह को क्या करने से रोका?

‘वेलकम टू द जंगल’ के गाने ‘घिस-घिस’ की शूटिंग के दौरान अक्षरा सिंह ने अक्षय कुमार, जैकलीन फर्नांडिस, परेश रावल और पूरी टीम के साथ जुड़े कई दिलचस्प किस्से साझा किए.

विज्ञापन
Read Time: 5 mins
अक्षरा सिंह ने की अक्षय कुमार की तारीफ

फिल्म ‘वेलकम टू द जंगल' के गाने ‘घिस-घिस' में पहली बार अभिनेता अक्षय कुमार के साथ स्क्रीन साझा कर रहीं अभिनेत्री अक्षरा सिंह के लिए यह अनुभव किसी सपने के सच होने से कम नहीं था. बचपन से जिन अक्षय कुमार की फिल्में देखकर वह तालियां बजाती थीं, उन्हीं के साथ काम करने का मौका मिलने पर वह अपनी भावनाओं पर काबू नहीं रख पा रही थीं. अब उन्होंने पहली मुलाकात से लेकर शूटिंग खत्म होने तक के कई दिलचस्प किस्से साझा किए हैं. अक्षरा ने बताया कि जब उन्हें फिल्म और गाने का प्रस्ताव मिला, तो वह बेहद उत्साहित हो गई थीं. उन्होंने कहा, “बचपन से अक्षय सर को पर्दे पर देखा था. उनकी फिल्में देखकर तालियां बजाया करती थी. अचानक उनके साथ स्क्रीन साझा करने का मौका मिलना मेरे लिए बहुत बड़ी बात थी.”

उन्होंने बताया कि शूटिंग वाले दिन वह बेहद घबराई हुई थीं. उनके मन में यही डर था कि कहीं इतने बड़े कलाकार के साथ काम करते हुए उनसे कोई छोटी-सी भी गलती न हो जाए. इसी दौरान कोरियोग्राफर गणेश आचार्य उन्हें स्टेप्स समझा रहे थे. जब उनकी एक सहायक उन्हें सुधारने लगीं तो गणेश आचार्य ने उन्हें रोकते हुए कहा, “उसे मत बताइए, वो कर लेगी.” अक्षरा कहती हैं कि इस एक भरोसे ने उनका आत्मविश्वास कई गुना बढ़ा दिया.

कुछ देर बाद उन्हें बताया गया कि अक्षय कुमार सेट पर आने वाले हैं. हालांकि, वह पहले ही सेट पर पहुंच चुके थे, लेकिन 103 डिग्री बुखार होने की वजह से अपनी वैनिटी वैन में आराम कर रहे थे. अक्षरा लगातार प्रवेश द्वार की ओर देख रही थीं और मन ही मन खुद को संभालने की कोशिश कर रही थीं. जब दोनों की पहली मुलाकात हुई तो अक्षरा ने उन्हें नमस्ते किया और भारतीय परंपरा के अनुसार उनके पैर छूने के लिए आगे बढ़ीं. लेकिन अक्षय कुमार ने उन्हें तुरंत रोक दिया. अक्षरा ने बताया, “मैं उनके पैर छूने जा रही थी, लेकिन उन्होंने कहा, ‘नहीं, बिल्कुल नहीं.' इसके बाद उन्होंने मुझसे हाथ मिलाया और बहुत प्यार से मिले.”

अक्षरा के मुताबिक, अक्षय कुमार का व्यवहार इतना सहज था कि कुछ ही मिनटों में उनकी सारी घबराहट दूर हो गई. उन्होंने कहा, “सिर्फ दो मिनट के अंदर उन्होंने मुझे इतना सहज महसूस करा दिया कि मुझे बिल्कुल नहीं लगा कि मैं इतने बड़े सुपरस्टार के साथ काम कर रही हूं.” अक्षरा ने बताया कि अक्षय कुमार के साथ एक-दो शॉट देने के बाद सेट पर परेश रावल और जैकलीन फर्नांडिस का एक कॉमेडी दृश्य फिल्माया जा रहा था. उसी दौरान जैकलीन का फेमस डायलॉग “भोजपुरी हॉलीवुड से बेहतर है” बोला जा रहा था. अक्षरा के मुताबिक, जैकलीन उन्हें लगातार देख रही थीं. थोड़ी देर बाद एक सहायक निर्देशक उनके पास आया और बताया कि जैकलीन उनकी तारीफ कर रही हैं.

Advertisement

अक्षरा ने कहा, “मैंने पलटकर देखा तो जैकलीन मैम मेरी तरफ देखकर इशारे से कह रही थीं, ‘ओह, कितनी खूबसूरत हैं.' एक अभिनेत्री का किसी दूसरे कलाकार की तारीफ करना मेरे लिए बहुत बड़ी बात थी.” परेश रावल का जिक्र करते हुए अक्षरा ने बताया कि उनसे उनकी पहले भी मुलाकात हो चुकी थी. उस समय उन्होंने अभिनय को लेकर उनसे सलाह मांगी थी. अक्षरा के मुताबिक, परेश रावल ने उनसे कहा था, “रोज रात को सोने से पहले सुबह से लेकर रात तक पूरे दिन की दिनचर्या को याद किया करो. इससे बहुत मदद मिलेगी.” अक्षरा कहती हैं कि आज भी वह सलाह उनके जेहन में बसी हुई है.

उन्होंने बताया कि राजपाल यादव, जॉनी लीवर और सेट पर मौजूद सभी कलाकारों ने उन्हें खूब अपनापन दिया और लगातार उनका हौसला बढ़ाया. ‘घिस-घिस' गाने की पूरी शूटिंग सिर्फ एक दिन में पूरी हो गई, लेकिन शूटिंग खत्म होने के बाद उन्हें पूरे यूनिट की कमी महसूस होने लगी. उन्होंने कहा, “मेरे हर शॉट के बाद सभी लोग मेरा आत्मविश्वास बढ़ाते थे. पूरा माहौल इतना खुशनुमा था कि शूटिंग खत्म होने के बाद वही पल सबसे ज़्यादा याद आए.”

Advertisement

अक्षरा ने फिल्म के वायरल डायलॉग “भोजपुरी हॉलीवुड से बेहतर है” का राज भी खोला. उन्होंने बताया कि यह डायलॉग पहले से लिखा हुआ नहीं था. शूटिंग के दौरान दृश्य फिल्माते समय अक्षय कुमार ने मौके पर ही यह लाइन सुझाई थी. अक्षरा ने कहा, “सर की यही सबसे बड़ी खूबी है. उन्हें मौके पर ही ऐसे डायलॉग सूझ जाते हैं. उन्होंने वहीं यह लाइन बोली और उसे फिल्म में रख लिया गया. आज वही संवाद सबसे ज्यादा वायरल हो रहा है.”

अक्षरा सिंह का कहना है कि ‘वेलकम टू द जंगल' की शूटिंग उनके करियर के सबसे यादगार अनुभवों में से एक रहेगी. अक्षय कुमार का विनम्र स्वभाव, गणेश आचार्य का भरोसा और पूरी टीम का सहयोग इस सफर को उनके लिए हमेशा खास बनाए रखेगा.

यह भी पढ़ें: अलका याग्निक की बेटी हैं पॉवरफुल बिजनेस वुमन, टैलेंट में नहीं मां से कम, खूबसूरती देख लोग बोले- हीरोइन बन सकती थी

Featured Video Of The Day
केतन को मारने की साजिश किसने रची - Siya या Chetan?
Topics mentioned in this article
Akshara Singh
Akshay Kumar
Welcome To The Jungle