बॉलीवुड एक्टर वरुण धवन इस वक्त अपनी फिल्म 'है जवानी तो इश्क होना है' को लेकर चर्चा में हैं. फिल्म में उनके साथ मृणाल ठाकुर और पूजा हेगड़े नजर आ रही हैं. इस फिल्म को सलमान खान की फिल्म बीवी नंबर 1 से इंस्पायर्ड बताया जा रहा था. अब असल में फिल्म क्या है ये तो रिलीज पर ही पता चलेगा लेकिन एक गाना रिलीज से पहले ही सुर्खियों में आ गया. ये गाना है सलमान खान और सुष्मिता सेन का पॉपुलर 'चुनरी चुनरी'. इस गाने को फिल्म में एक नए तड़के के साथ पेश किया गया है.
गाने के नए वर्जन को लेकर सोशल मीडिया पर काफी हंगामा मचा हुआ है. कई दर्शक इस मशहूर गाने के रीमिक्स से निराश हैं. इस बहस को और हवा देते हुए गाने के असली सिंगर अभिजीत भट्टाचार्य ने अब इस नए वर्शन को खुलकर क्रिटिसाइज किया है. उन्होंने वरुण धवन पर भी तंज कसा है कि वे बार-बार बॉलीवुड के पुराने हिट गानों के नए वर्जन पर ही निर्भर रहते हैं.
'चुनरी चुनरी' पर अभिजीत भट्टाचार्य का कमेंट
ANI को दिए एक इंटरव्यू में अभिजीत ने वरुण धवन की आने वाली फिल्म में अपने 1999 के मशहूर गाने 'चुनरी चुनरी' के नए वर्जन पर अपना रिएक्शन दिया है. सलमान खान, करिश्मा कपूर और सुष्मिता सेन स्टारर फिल्म 'बीवी नंबर 1' के इस चार्टबस्टर गाने के असली सिंगर ने इस नए वर्शन पर अपनी निराशा जाहिर की.
अभिजीत ने कहा, "यह गाना सलमान की जिंदगी का सबसे बड़ा गाना था. जब यह आया था, तब से लेकर अब तक यह ट्रेंड कर रहा है. 'चुनरी चुनरी' सलमान खान की जिंदगी का सबसे बड़ा हिट गाना है. उस समय वह एक उभरता हुआ सितारा था, सुपरस्टार नहीं." गाने के नए वर्जन पर रिएक्शन देते हुए अभिजीत ने वरुण पर "सेकंड-हैंड" फिल्में करने का आरोप लगाया.
इस एक्टर (वरुण धवन) ने सिर्फ सेकंड-हैंड फिल्में ही की हैं, खासकर तब जब उनके पिता (डेविड धवन) ने उन ओरिजिनल फिल्मों को डायरेक्ट किया था: अभिजीत भट्टाचार्या
उन्होंने आगे कहा, "इस एक्टर (वरुण धवन) ने सिर्फ सेकंड-हैंड फिल्में ही की हैं, खासकर तब जब उनके पिता (डेविड धवन) ने उन ओरिजिनल फिल्मों को डायरेक्ट किया था. वह उन्हीं गानों का भी इस्तेमाल करते हैं जो कभी हिट हुआ करते थे. वरुण धवन इस गाने से सलमान खान नहीं बन सकते. सलमान खान और वरुण धवन में बहुत बड़ा फर्क है."
'चुनरी चुनरी' के इस नए वर्शन पर रिएक्शन देते हुए अभिजीत ने मजाकिया अंदाज में कहा कि यह गाना एक "भजन" जैसा ज्यादा लग रहा है, जबकि असल में यह एक रोमांटिक गाना था. अभिजीत ने यह भी बताया कि 'है जवानी तो इश्क होना है' के मेकर्स ने उनके इस हिट गाने का नया वर्शन बनाने से पहले उनसे कभी कॉन्टैक्ट नहीं किया. उन्होंने कहा कि अगर वे रीमेक के लिए उनके पास आते, तो भी वे इसे करने से पहले दोबारा सोचते. अब वे खुश हैं कि उन्होंने यह गाना नहीं किया, क्योंकि इससे गाने का स्तर गिर जाता.
'चुनरी चुनरी' को नए अंदाज में पेश किया गया
मंगलवार 26 मई को 'है जवानी तो इश्क होना है' के मेकर्स ने फिल्म का नया गाना 'चुनरी चुनरी' रिलीज किया. यह 1999 की ब्लॉकबस्टर फिल्म 'बीवी नंबर 1' के एक मशहूर गाने का नया वर्शन है, जिसमें सलमान खान और सुष्मिता सेन नजर आए थे. इस नए गाने को अक्षय रहेजा और अभिषेक सिंह ने म्यूजिक से कम्पोज किया है, जबकि इसका म्यूजिक वीडियो रेमो डिसूजा ने कोरियोग्राफ किया है.