बॉलीवुड के ‘मिस्टर परफेक्शनिस्ट' आमिर खान एक बार फिर अपनी सोच और काम के प्रति जुनून को लेकर चर्चा में हैं. अपनी फिल्मों में परफेक्शन के लिए मशहूर आमिर ने हाल ही में एक ऐसा खुलासा किया है, जिसने फैंस को हैरान कर दिया. उन्होंने बताया कि फ्लाइट में बैठने से पहले उन्हें अक्सर एक अजीब सा डर सताता है. अगर कहीं कुछ अनहोनी हो गई तो उनके अधूरे प्रोजेक्ट्स का क्या होगा? यही वजह है कि वह हर बार सफर से पहले एक खास ‘नोट' लिखकर छोड़ते हैं, ताकि उनके काम पर कोई असर न पड़े और फिल्म सही तरीके से पूरी हो सके.
फ्लाइट से पहले ‘डेथ नोट' लिखने की आदत
एक इंटरव्यू में आमिर ने बताया कि जब उनकी कोई फिल्म पोस्ट-प्रोडक्शन स्टेज में होती है, तब उनकी चिंता और बढ़ जाती है. उन्हें लगता है कि अगर अचानक उनके साथ कुछ हो गया, तो फिल्म अधूरी या गलत दिशा में जा सकती है. इसी डर से वह हर बार फ्लाइट में चढ़ने से पहले अपने करीबी और भरोसेमंद शख्स मंसूर खान के लिए एक नोट लिखते हैं.
आमिर ने कहा कि वह अपने डायरेक्टर को पहले ही बता देते हैं कि किसी भी स्थिति में मंसूर की सलाह ली जाए. वहीं, मंसूर को भी जिम्मेदारी देते हैं कि जरूरत पड़ने पर फिल्म को सही दिशा दें. दिलचस्प बात यह है कि मंसूर को इस आदत के बारे में हाल ही में पता चला, जिसे सुनकर वह खुद भी हैरान रह गए. आमिर का मानना है कि मंसूर की समझ और क्रिएटिव सोच पर उन्हें सबसे ज्यादा भरोसा है, इसलिए उन्होंने अपनी निजी जिंदगी में भी उन्हें अहम भूमिका दे रखी है.
फिल्मों, रिश्तों और नई पीढ़ी पर खुलकर बोले आमिर
आमिर और मंसूर की जोड़ी ने ‘कयामत से कयामत तक' और ‘जो जीता वही सिकंदर' जैसी यादगार फिल्में दी हैं. हालांकि, फिल्म जोश के दौरान दोनों के बीच मतभेद भी सामने आए थे. मंसूर चाहते थे कि शाहरुख खान फिल्म में मैक्स का किरदार निभाएं, जबकि आमिर खुद यह रोल करना चाहते थे. बात नहीं बनी और आमिर ने फिल्म छोड़ दी. बाद में उन्होंने फिल्म को लेकर अपनी नाराजगी भी जाहिर की थी.
यह भी पढ़ें: 'इतना बड़ा इंसान होकर भी...', शाहरुख को सुपरहिट गाने देने वाले अभिजीत भट्टाचार्य ने किंग खान पर लगाया आरोप
इसके बावजूद, मंसूर आज भी आमिर के लिए एक मजबूत सपोर्ट सिस्टम बने हुए हैं. चाहे परिवार हो या फिल्मी फैसले, आमिर उनके सुझाव को बेहद अहम मानते हैं. यहां तक कि उन्होंने अपनी पूर्व पत्नी किरण राव को भी कह रखा है कि किसी भी मुश्किल में मंसूर से सलाह लें. नई पीढ़ी और सफलता को लेकर आमिर का नजरिया भी काफी साफ है. उनका मानना है कि आज के समय में बॉक्स ऑफिस नंबर मैनेज किए जा सकते हैं, लेकिन दर्शकों का असली प्यार खरीदा नहीं जा सकता. उन्होंने कहा कि एक अभिनेता की असली सफलता दर्शकों के साथ उसके जुड़ाव में होती है, न कि सिर्फ कमाई के आंकड़ों में.