OSCARS 2026: सिनेमा की चमक-दमक वाली दुनिया में ऑस्कर पुरस्कार किसी भी एक्टर का ख्वाब होता है. एकेडमी अवॉर्ड्स, जो हर साल सर्वश्रेष्ठ फिल्मों और कलाकारों को सम्मानित करते हैं, ने कई दिग्गजों को अमर बना दिया है. क्या आप जानते हैं कि एक्टिंग में सबसे अधिक ऑस्कर जीतने वाले एक्टर कौन हैं? अगर आप नहीं जानते तो हम आपको बताए देते हैं. इस लिस्ट में कैथरीन हेपबर्न टॉप पर हैं, जिन्होंने चार ऑस्कर जीते हैं, सभी बेस्ट एक्ट्रेस कैटेगरी में. उनके बाद कई ऐसे सितारे हैं जिन्होंने तीन-तीन ऑस्कर अपने नाम किए हैं. आइए एक नजर डालते हैं सबसे ज्यादा ऑस्कर जितने वाले एक्टर्स पर.
यह भी पढ़ें: Oscars 2026: 11 कैटेगरी में टकराएंगी Sinners vs One Battle After Another, कौन बनेगा ऑस्कर का चैंपियन
1. कैथरीन हेपबर्न: ऑस्कर क्वीन
कैथरीन हेपबर्न (1907-2003) को हॉलीवुड की ‘फर्स्ट लेडी ऑफ सिनेमा' कहा जाता है. उन्होंने 1933 में ‘मॉर्निंग ग्लोरी' के लिए अपना पहला ऑस्कर जीता. उसके बाद 1967 में ‘गेस हूज कमिंग टू डिनर', 1968 में ‘द लायन इन विंटर' और 1981 में ‘ऑन गोल्डन पॉन्ड' के लिए ऑस्कर हासिल किए. हेपबर्न को कुल 12 नामांकन हासिल हुए, जो अपने आप में एक रिकॉर्ड है. उनके मजबूत, स्वतंत्र महिला किरदारों ने दूसरों को प्रेरित किया. हेपबर्न ने कभी भी ऑस्कर समारोह में हिस्सा नहीं लिया, सिवाय एक बार 1974 में जब उन्होंने पुरस्कार पेश किया. कैथरीन पुरस्कारों को मायने नहीं देती थीं, उनके लिए काम ही उनका पुरस्कार था. उन्होंने कहा था, 'मेरे लिए पुरस्कार कोई मायने नहीं रखते. मेरा काम ही मेरा पुरस्कार है.' उनका रिकॉर्ड आज तक कोई भी नहीं तोड़ पाया है. हेपबर्न की जीत लगभग 50 वर्षों में फैली हुई है, जो उनकी लंबी करियर की गवाही देती है.
2. डैनियल डे-लुईस: तीन बार बेस्ट एक्टर
बेस्ट एक्टर कैटेगरी में सबसे अधिक ऑस्कर जीतने वाले अभिनेता डैनियल डे-लुईस हैं. ब्रिटिश-आयरिश मूल के इस अभिनेता ने 1989 में ‘माई लेफ्ट फुट' के लिए पहला ऑस्कर जीता, जहां उन्होंने सेरेब्रल पाल्सी से पीड़ित एक कलाकार की भूमिका निभाई. उसके बाद 2007 में ‘देयर विल बी ब्लड' और 2012 में ‘लिंकन' के लिए जीते. डे-लुईस मेथड एक्टिंग के लिए प्रसिद्ध हैं, वे किरदार में इतना घुल जाते हैं कि शूटिंग के दौरान अपना नाम तक बदल लेते हैं.
3. फ्रांसिस मैकडॉर्मंड: तीन बेस्ट एक्ट्रेस
फ्रांसिस मैकडॉर्मंड भी तीन ऑस्कर की विजेता हैं, सभी बेस्ट एक्ट्रेस के लिए. उन्होंने 1996 में ‘फार्गो' से शुरुआत की, जहां उन्होंने एक गर्भवती पुलिस अधिकारी की भूमिका निभाई. उसके बाद 2017 में ‘थ्री बिलबोर्ड्स आउटसाइड एबिंग, मिसौरी' और 2020 में ‘नोमैडलैंड' के लिए जीते. मैकडॉर्मंड की सादगी और गहराई वाली एक्टिंग ने उन्हें आलोचकों का चहेता बना दिया. वे ऑस्कर जीतने वाली पहली महिला हैं जिन्होंने अपनी जीती हुई फिल्म का निर्माण भी किया (‘नोमैडलैंड'). उनके पति जोएल कोएन भी ऑस्कर विजेता हैं.
यह भी पढ़ें: 16 मिनट के रोल के लिए बेस्ट एक्टर का ऑस्कर जीत ले गया था ये एक्टर, ऐसा विलेन जिसके आगे फीके लगे मोगैंबो-शाकाल
4. मेरिल स्ट्रीप: 21 नामांकन, तीन जीत
मेरिल स्ट्रीप के पास सबसे अधिक 21 नामांकन हैं. उन्होंने तीन ऑस्कर जीते: 1979 में ‘क्रेमर वर्सेस क्रेमर' के लिए बेस्ट सपोर्टिंग एक्ट्रेस, 1982 में ‘सोफीज चॉइस' और 2011 में ‘द आयरन लेडी' के लिए बेस्ट एक्ट्रेस. स्ट्रीप की बहुमुखी प्रतिभा उन्हें अलग बनाती है; वे विभिन्न लहजों और किरदारों में माहिर हैं. वे राजनीतिक और सामाजिक मुद्दों पर भी मुखर रहती हैं.
5. जैक निकलसन: तीन ऑस्कर का दिग्गज
जैक निकलसन ने दो बेस्ट एक्टर और एक बेस्ट सपोर्टिंग एक्टर ऑस्कर जीते. 1975 में ‘वन फ्लू ओवर द कूकूज नेस्ट', 1997 में ‘ऐज गुड ऐज इट गेट्स' और 1983 में ‘टर्म्स ऑफ एंडियरमेंट' के लिए. निकलसन के 12 नामांकन हैं, जो पुरुष अभिनेताओं में सबसे अधिक है. उनकी मुस्कान और विद्रोही किरदार हमेशा याद रहते .
6. इंग्रिड बर्गमैन और वाल्टर ब्रेनन: तीन-तीन जीत
स्वीडिश अभिनेत्री इंग्रिड बर्गमैन ने 1944 में ‘गैसलाइट' (बेस्ट एक्ट्रेस), 1956 में ‘अनास्तासिया' (बेस्ट एक्ट्रेस) और 1974 में ‘मर्डर ऑन द ओरिएंट एक्सप्रेस' (बेस्ट सपोर्टिंग एक्ट्रेस) के लिए तीन ऑस्कर जीते. वाल्टर ब्रेनन ने 1936, 1938 और 1940 में तीन बेस्ट सपोर्टिंग एक्टर ऑस्कर जीते, जो सबसे तेज तीन जीत का रिकॉर्ड है.
ऑस्कर की दुनिया में ये सितारे प्रेरणा के स्रोत हैं. हर साल नए नाम जुड़ते हैं, लेकिन इन रिकॉर्ड्स को तोड़ना अभी तक मुश्किल रहा है. 2026 के ऑस्कर में कौन नया इतिहास रचेगा, यह देखना बाकी है.