6 जुलाई 2016 को ईद के मौके पर रिलीज हुई सलमान खान और अनुष्का शर्मा की फिल्म 'सुल्तान' ने न सिर्फ भारत में बल्कि पाकिस्तान सहित विदेशी बाजारों में भी तहलका मचा दिया था. सलमान खान को पाकिस्तानी बॉक्स ऑफिस का 'पहलवान' साबित करते हुए 'सुल्तान' ने दुनियाभर में कुल 623 करोड़ रुपये का कलेक्शन कर इतिहास रच दिया. फिल्म निर्देशक अली अब्बास जफर की स्पोर्ट्स ड्रामा में सलमान खान ने सुल्तान अली खान का किरदार निभाया, जो छोटे शहर का पहलवान है. उसे अरफा (अनुष्का शर्मा) से प्यार है और उसके लिए ओलंपिक गोल्ड जीतने का सपना देखता है. फिल्म में कुश्ती, इश्क, कुर्बानी और कमबैक कहानी है. सलमान की फिटनेस, इमोशनल डायलॉग्स और एक्शन सीन्स ने सिनेमाघरों में दर्शकों का खूब दिल जीता था.
बॉक्स ऑफिस पर तूफान
सुल्तान का बजट आईएमडीबी के मुताबिक लगभग 90 करोड़ रुपये था, जबकि इसने दुनियाभर में 623.33 करोड़ रुपये की कमाई की. इसने भारत में 421 करोड़ रुपये का नेट कलेक्शन किया, विदेशों में शानदार प्रदर्शन रहा. पाकिस्तान में फिल्म ने रिकॉर्ड तोड़ दिया. ईद रिलीज पर पहले दिन करीब 3.5 करोड़ पाकिस्तानी रुपये और दूसरे दिन 4.1 करोड़ की कमाई के साथ यह उनके बॉक्स ऑफिस पर सबसे बड़ी ओपनिंग में से एक बनी. फिल्म ने पाकिस्तान में लगभग 30 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया.
म्यूजिक ने भी मचाया था खूब धमाल
सलमान खान और अनुष्का शर्मा की केमेस्ट्री और सलमान खान के धांसू मेकओवर सीन्स ने फिल्म को दमदार बनाया. लेकिन विशाल-शेखर के म्यूजिक ने फिल्म को पॉपुलर बनाने में खास योगदान दिया. फिल्म के गाने जैसे 'सुल्तान', 'जग घूमेया' और 'तुम ही हो बंदगी' हिट रहे. इसने चीन से भी खूब कमाई की.
भाईजान के करियर का माइलस्टोन
सलमान खान को 'बजरंगी भाईजान' के बाद 'सुल्तान' ने एक और ब्लॉकबस्टर फिल्म दिलाई. यही नहीं, ये सलमान की बैक टू बैक 10वीं फिल्म थी जिसने 100 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया था. इससे पहले 100 करोड़ क्लब कमाने वाली फिल्मों में दबंग (2010), रेडी (2011), बॉडीगार्ड (2011), एक था टाइगर (2012), दबंग 2 (2012), जय हो (2014), किक (2014), बजरंगी भाईजान (2015) और प्रेम रतन धन पायो (2015) शामिल थीं.
आईएमडीबी पर भी सॉलिड रेटिंग, संजय दत्त को ऑफर हुआ था रोल
सलमान खान की सुल्तान को आईएमडीबी पर 7.1/10 की रेटिंग मिली है. ये सलमान खान की ऐसी फिल्म थी जिसे समीक्षकों की खूब तारीफ भी की थी. बता दें कि फिल्म में एक रोल संजय दत्त को भी ऑफिर हुआ था. ये रोल था ट्रेनर फतह सिंह का. लेकिन संजय दत्त उस समय कई तरह की कानूनी कार्यवाहियों से जूझ रहे थे. जिस वजह से वो ये रोल नहीं कर सके. ये रोल फिल्म रणदीप हुड्डा ने परदे पर निभाया था.