4600 करोड़ की फिल्म 18 दिसंबर को रिलीज होने जा रही है. लेकिन जानते हैं इस फिल्म को देखना उन लोगों के लिए आसान नहीं होगा जिन्होंने इस यूनिवर्स को अच्छे से फॉलो नहीं किया है. उन लोगों को लगभग 42 घंटे खर्च करने होंगे इस एक फिल्म को समझने के लिए. अब आप सोच रहे होंगे कि ऐसी कौन सी फिल्म आ रही है जिसके लिए इतने समय की जरूरत होगी. हम यहां बात कर रहे हैं मार्वल यूनिवर्स के मल्टीवर्स सागा की सबसे बड़ी फिल्म 'एवेंजर्स: डूम्सडे' की.
मार्वल और डिज्नी प्लस ने 15 जरूरी फिल्मों और शो की लिस्ट जारी की है. इस लिस्ट में पुरानी एक्स मैन फिल्में से लेकर हाल की थंडरबोल्ट्स और फैंटास्टिक फोर तक शामिल हैं. कुल वॉच टाइम लगभग 42.267 घंटे यानी करीब दो पूरे दिन का मार्बल मैराथन है.
यह लिस्ट फैंस को 'एवेंजर्स: डूम्सडे' समझने के लिए जरूरी बताई जा रही है. फिल्म में तीन अलग-अलग यूनिवर्स के हीरो एक घातक खतरे का सामना करने वाले हैं. रॉबर्ट डाउनी जूनियर डॉक्टर डूम के तौर पर वापसी कर रहे हैं, जबकि क्रिस इवांस और क्रिस हेम्सवर्थ भी लौट रहे हैं. निर्देशन रूसो ब्रदर्स कर रहे हैं.
'एवेंजर्स: डूम्सडे' को समझने के लिए ये 15 फिल्में और वेब सीरीज देखना जरूरी
X-Men (2000) और X2 (2003)
फॉक्स युग की क्लासिक म्यूटेंट फिल्में. प्रोफेसर एक्स, मैग्नेटो और मूल टीम की शुरुआत यहीं से होती है. डूम्सडे में इन यूनिवर्स के किरदारों की वापसी की पुष्टि हो चुकी है.
कैप्टन अमेरिका: द फर्स्ट अवेंजर (2011)
स्टीव रॉजर्स कैसे बने कैप्टन अमेरिका की कहानी इस फिल्म में नजर आती है. टेसेरैक्ट और सुपर सोल्जर सीरम की कहानी.
द एवेंजर्स (2012)
पहली टीम-अप फिल्म जिसने शेयर्ड यूनिवर्स की नींव रखी.
एवेंजर्स: इन्फिनिटी वॉर (2018) और एवेंजर्स: एंडगेम (2019)
थानोस की कहानी का चरम. रूसो ब्रदर्स की ये फिल्में इमोशनल और मल्टीवर्स की नींव हैं. एंडगेम को नए सीन के साथ री-रिलीज भी किया जा रहा है.
लोकी (सीजन 1 और 2)
मल्टीवर्स और टाइम वेरिएंट अथॉरिटी की पूरी कहानी इस सीरीज में देखने को मिलती है. टॉम हिडलस्टन का लोकी वेरिएंट डूम्सडे में अहम भूमिका निभाएगा.
शांग-ची एंड द लीजेंड ऑफ द टेन रिंग्स (2021)
शांग-ची का जन्म और टेन रिंग्स की ताकत का पूरा खेल इस फिल्म में नजर आता है.
स्पाइडर-मैन: नो वे होम (2021)
स्पाइडर-मैन की ये मूवी मल्टीवर्स खोलने वाली फिल्म है, जिसने मार्वल की दुनिया को पूरी तरह से बदलकर रख दिया.
ब्लैक पैंथर: वाकांडा फॉरएवर (2022)
वाकांडा की वो दुनिया जिसने पूरी दुनिया को कर दिया था हैरान.
कैप्टन अमेरिका: ब्रेव न्यू वर्ल्ड (2025)
इस में नए कैप्टन अमेरिका की दुनिया देखने को मिलती है. इसका भी डूम्सडे से गहरा कनेक्शन है.
डेडपूल एंड वुल्वरिन (2024)
डेडपूल और वुल्वरिन की मल्टीवर्स एडवेंचर मूवी.
डॉक्टर स्ट्रेंज इन द मल्टीवर्स ऑफ मैडनेस (2022)
इन्कर्शन्स (यूनिवर्स टक्कर) की अवधारणा का जन्म.
थंडरबोल्ट्स (2025)
न्यू एवेंजर्स टीम की शुरुआत.
द फैंटास्टिक फोर: फर्स्ट स्टेप्स (2025)
फैंटास्टिक फोर की MCU एंट्री और डॉक्टर डूम से जुड़ाव.
यह लिस्ट न तो पूरी तरह रिलीज ऑर्डर में है और न ही स्टोरी ऑर्डर में. इसमें X-Men जैसी प्री एमसीयू फिल्में शामिल करके मार्वल ने मल्टीवर्स को और व्यापक बनाया है. 42 घंटे से ज्यादा का समय कई लोगों के लिए चुनौतीपूर्ण है. जो रोजाना 1-2 घंटे भी निकाल सकें, वे दिसंबर तक आसानी से पूरा कर सकते हैं. जियोहॉटस्टार पर ये ज्यादातर टाइटल उपलब्ध हैं. 'एवेंजर्स: डूम्सडे' 18 दिसंबर 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी. इसके बाद 2027 में 'एवेंजर्स: सीक्रेट वॉर्स' आएगी.