मार्बल स्टूडियोज ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर 'एवेंजर्स: डूम्सडे' का नया पोस्टर रिलीज कर दिया है. पोस्टर में गहरे अंधेरे बैकग्राउंड पर डॉक्टर डूम का शक्तिशाली और रहस्यमय अंदाज साफ नजर आ रहा है. पोस्टर के साथ सिर्फ दो शब्द लिखे गए हैं. 'डूम्सडे इज कमिंग.' फिल्म 18 दिसंबर 2026 को दुनियाभर के सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है. 'एवेंजर्स: डूम्सडे' लगभग 4500 करोड़ रुपये के विशाल बजट में बन रही है, जिसकी वजह से इसे हॉलीवुड की सबसे महंगी फिल्म बताया जा रहा है. फिल्म का निर्देशन रुसो ब्रदर्स कर रहे हैं और रॉबर्ट डाउनी जूनियर डॉक्टर डूम के किरदार में लौट रहे हैं.
डॉक्टर डूम का इतिहास
डॉक्टर डूम यानी विक्टर वॉन डूम मार्बल यूनिवर्स के सबसे खतरनाक खलनायकों में से एक हैं. इस किरदार को स्टैन ली और जैक किर्बी ने बनाया था. पहली बार यह किरदार 1962 में फैंटास्टिक फोर की कॉमिक्स इश्यू नंबर 5 में दिखाई दिया था. विक्टर वॉन डूम लाटवेरिया नामक छोटे से देश का तानाशाह है. वह एक प्रतिभाशाली वैज्ञानिक, आविष्कारक और जादूगर है. बचपन में हुए एक हादसे में उसका चेहरा बुरी तरह जल गया था, इसलिए वह हमेशा लोहे का मास्क और कवच पहनता है.
डॉक्टर डूम का सबसे बड़ा दुश्मन फैंटास्टिक फोर का लीडर रीड रिचर्ड्स (मिस्टर फैंटास्टिक) है. दोनों की दुश्मनी कॉलेज के दिनों से चली आ रही है. डूम हमेशा विज्ञान और जादू का मिश्रण करके दुनिया पर राज करने की कोशिश करता है. वह सिर्फ ताकत से नहीं, बल्कि दिमाग और रणनीति से भी खतरनाक है. कई बार उसने पूरी दुनिया को तबाह करने की कोशिश की है, लेकिन हर बार हीरो उसे रोक पाए हैं.
'एवेंजर्स: डूम्सडे' में आयरनमैन बना डॉक्टर डूम
अब 'एवेंजर्स: डूम्सडे' में रॉबर्ट डाउनी जूनियर इस किरदार को नया रूप दे रहे हैं. आयरन मैन के बाद अब डॉक्टर डूम बनकर वह एमसीयू में वापसी कर रहे हैं. पोस्टर में उनका यह नया अंदाज फैंस को रोमांचित कर रहा है.
फिल्म में थॉर, कैप्टन अमेरिका, फैंटास्टिक फोर, एक्स-मैन और कई अन्य हीरो डॉक्टर डूम के खिलाफ एकजुट होंगे. 4500 करोड़ के बजट और इतने बड़े स्टारकास्ट के साथ 'एवेंजर्स: डूम्सडे' बॉक्स ऑफिस पर नया इतिहास रचने वाली है. फैंस को अब 18 दिसंबर 2026 का इंतजार हैं, जब डॉक्टर डूम सिनेमाघरों में कहर बरपाएगा.