44 साल पहले फ्लॉप हुआ था ये बंगाली गाना, अब GTA 6 में गूंजी इसकी धुन, सिंगर को 4 दशक बाद मिली पहचान

1982 में रिलीज हुआ रूपा बिस्वास का बंगाली डिस्को गाना ‘Aaj Shanibar’ उस समय फ्लॉप हो गया था. अब 44 साल बाद GTA 6 में इसकी धुन सुनाई दे रही है और गायिका को नई पहचान मिली है.

विज्ञापन
Read Time: 3 mins
1982 का फ्लॉप डिस्को सॉन्ग बना ग्लोबल सेंसेशन

संगीत की दुनिया में कब कौन सा गाना लोगों के दिलों में जगह बना ले, यह कहना मुश्किल है. कई बार ऐसे गाने भी होते हैं, जिन्हें रिलीज के वक्त कोई खास पहचान नहीं मिलती, लेकिन सालों बाद वे अचानक दुनिया भर में चर्चा का विषय बन जाते हैं. ऐसा ही कुछ बंगाली गायिका रूपा बिस्वास के साथ हुआ है. साल 1982 में उनका एक डिस्को गाना रिलीज हुआ था, जो उस समय बुरी तरह फ्लॉप रहा. एल्बम की बहुत कम प्रतियां बिकीं और गायिका ने भी संगीत की दुनिया से दूरी बना ली. लेकिन अब 44 साल बाद उनके इसी गाने की धुन वीडियो गेम GTA 6 में सुनाई दे रही है. कभी गुमनामी में खो चुका यह गाना आज दुनियाभर के संगीत प्रेमियों का ध्यान खींच रहा है.

कैसे तैयार हुआ था ‘Disco Jazz' एल्बम?

इस कहानी की शुरुआत साल 1981 में हुई थी. उस समय रूपा बिस्वास अपने भाई से मिलने कनाडा के कैलगरी गई थीं. वहां एक पारिवारिक मुलाकात के दौरान उनकी अचानक हुई प्रस्तुति ने मशहूर सरोद वादक आशीष खान का ध्यान खींच लिया. रूपा की आवाज उन्हें काफी पसंद आई और उन्होंने उनके साथ कुछ अलग तरह का संगीत बनाने का फैसला किया.

रूपा की संगीत की तालीम शास्त्रीय संगीत और गजल में हुई थी. हालांकि, आशीष खान के साथ काम करते हुए उन्हें डिस्को संगीत में हाथ आजमाने का मौका मिला. इस प्रयोग से ‘Disco Jazz' नाम का एल्बम तैयार हुआ. इसमें बंगाली संगीत के साथ सरोद, तबला, गिटार और सिंथेसाइजर का अनोखा मेल सुनने को मिला. एल्बम का गाना ‘Aaj Shanibar' भी इसी प्रयोग का हिस्सा था.

फ्लॉप होने के बाद संगीत से बना ली दूरी

अक्टूबर 1982 में यह एल्बम रिलीज हुआ, लेकिन इसे उम्मीद के मुताबिक सफलता नहीं मिली. इसकी बहुत कम प्रतियां बिकीं. निराश रूपा ने खुद ही अपने एल्बम की एक कैसेट खरीदी और धीरे-धीरे संगीत की दुनिया से दूर हो गईं. उन्हें शायद अंदाजा भी नहीं था कि एक दिन उनका यही गाना अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान हासिल करेगा.

Advertisement

बेटे ने दोबारा खोजा मां का गाना

कई दशक बाद रूपा के बेटे देबायन ने इस पुराने एल्बम को दोबारा खोजा. इसके बाद संगीत के शौकीनों और रिकॉर्ड कलेक्टर्स के बीच इसकी चर्चा शुरू हुई. साल 2019 में ‘Disco Jazz' को दोबारा रिलीज किया गया और धीरे-धीरे इसे नई पहचान मिलने लगी. अब GTA 6 के रेडियो स्टेशन Worldwide FM पर गाइल्स पीटरसन द्वारा होस्ट किए जाने वाले शो में ‘आज शनिबार' की धुन सुनाई दे रही है. इस तरह जिस गाने को कभी पहचान नहीं मिली, वह चार दशक से ज्यादा समय बाद दुनियाभर के गेमर्स और संगीत प्रेमियों तक पहुंच रहा है.

ये भी पढ़ें: दर्द, विरह और बिछड़न से जन्मा था ये सुपरहिट गीत, कैलाश खेर ने मरते हुए पिता को देख था लिखा, रिलीज हुआ तो बन गया शादी-ब्याह की खुशियों का गाना
 

Advertisement
Featured Video Of The Day
धमकियों के बीच सितारों की सुरक्षा पर करोड़ों खर्च?
Topics mentioned in this article
GTA 6
Entertainment
Bollywood

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं