हिंदी सिनेमा में कुछ गाने ऐसे होते हैं, जो वक्त के साथ पुराने नहीं पड़ते, बल्कि लोगों की यादों और जिंदगी का हिस्सा बन जाते हैं. ऐसा ही एक सदाबहार गीत है फिल्म ‘लम्हे' का ‘मोरनी बागा मा बोले'. साल 1991 में रिलीज हुए इस गाने को 35 साल बाद भी उतना ही पसंद किया जाता है, जितना रिलीज के समय किया गया था. लता मंगेशकर (Lata Mangeshkar) और इला अरुण (Ila Arun ) की आवाज, राजस्थानी लोक संगीत की मिठास और श्रीदेवी (Sridevi) के शानदार डांस ने इस गाने को यादगार बना दिया. आज भी शादी-ब्याह से लेकर सांस्कृतिक कार्यक्रमों तक में इस गीत की धूम देखने को मिलती है. खास बात यह है कि इस गाने की खूबसूरती सिर्फ इसके संगीत में नहीं, बल्कि राजस्थान की लोक संस्कृति और वहां की मिट्टी से जुड़े इसके भावों में भी छिपी है.
राजस्थान की लोक संस्कृति से जुड़ा है गाने का रिश्ता
बहुत कम लोग जानते हैं कि ‘मोरनी बागा मा बोले' की प्रेरणा राजस्थान की लोक परंपराओं से जुड़ी है. इस गीत में राजस्थानी लोकजीवन, प्रेम और विरह की भावनाओं को बेहद खूबसूरती से पिरोया गया है. लोकगीतों के जरिए महिलाएं अक्सर अपने मन की बात, प्रियतम की याद और उससे मिलने की बेचैनी जाहिर करती थीं. इस गाने में भी वही भाव सुनाई देते हैं.
बाग में मोरनी का बोलना प्रेमिका के मन में उठती भावनाओं और अपने प्रिय के इंतजार का प्रतीक बन जाता है. यही वजह है कि गाने के बोल सुनने वाले को राजस्थान की लोक संस्कृति के करीब ले जाते हैं. इसमें मांड गायकी की झलक भी सुनाई देती है. मांड राजस्थान की प्रसिद्ध लोक गायन शैलियों में से एक है, जिसमें शास्त्रीय संगीत और लोक संगीत का खूबसूरत मेल देखने को मिलता है.
लता मंगेशकर और इला अरुण की आवाज ने लगाया चार चांद
फिल्म ‘लम्हे' के इस गाने को आनंद बख्शी ने लिखा था, जबकि इसका संगीत शिव-हरि की जोड़ी ने तैयार किया था. लता मंगेशकर और इला अरुण की अलग-अलग अंदाज वाली आवाजों ने गीत को खास बना दिया. एक तरफ लता मंगेशकर की सुरीली आवाज थी, तो दूसरी तरफ इला अरुण की लोक संगीत से जुड़ी खनक ने इसमें राजस्थानी रंग भर दिया.
वहीं, गाने में नीले रंग की खूबसूरत पोशाक पहने श्रीदेवी का डांस और उनकी अदाएं दर्शकों के दिलों में बस गईं. रेगिस्तान की पृष्ठभूमि में फिल्माया गया यह गीत आज भी श्रीदेवी के सबसे यादगार गानों में गिना जाता है.
22 नवंबर 1991 को रिलीज हुई थी ‘लम्हे'
यश चोपड़ा के निर्देशन में बनी फिल्म ‘लम्हे' 22 नवंबर 1991 को सिनेमाघरों में रिलीज हुई थी. फिल्म की कहानी हनी ईरानी और राही मासूम रजा ने लिखी थी. इसमें श्रीदेवी ने दोहरी भूमिका निभाई थी. उनके साथ अनिल कपूर, अनुपम खेर और वहीदा रहमान भी अहम भूमिकाओं में नजर आए थे. अपनी अनोखी कहानी और शानदार अभिनय के लिए फिल्म को खूब सराहना मिली. वहीं, ‘मोरनी बागा मा बोले' ने फिल्म से निकलकर अपनी अलग पहचान बनाई और आज भी हिंदी सिनेमा के यादगार गीतों में शामिल है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं