28 साल की माधुरी दीक्षित का वो सुपरहिट गाना, हरी साड़ी और मराठी लुक में दी थी शहर छोड़ने की धमकी, अलका याग्निक की आवाज ने जीता दिल

90 के दशक में माधुरी दीक्षित का यह गाना हर घर में गूंजता था. हरी साड़ी में उनका देसी और मराठी लुक, साथ में अलका याग्निक की सुरीली आवाज, इस गीत को उस दौर के सबसे यादगार गानों में शामिल कर गया.

विज्ञापन
Read Time: 3 mins
28 साल की उम्र में माधुरी दीक्षित ने दिया था फिल्म राजा का ये सुपरहिट गाना

90 के दशक में बॉलीवुड की कई अभिनेत्रियों ने अपने शानदार अभिनय और डांस से दर्शकों का दिल जीता. इनमें माधुरी दीक्षित का नाम सबसे आगे आता है. उनकी खूबसूरती, अदाएं और डांस का जादू ऐसा था कि लोग उनके गानों को बार-बार देखना पसंद करते थे. ऐसा ही एक गाना फिल्म ‘राजा' का है, जिसमें माधुरी हरी साड़ी पहनकर मराठी अंदाज में नजर आई थीं. इस गाने में वह अपने प्रेमी को प्यार से मनाती हैं और उसे धमकी देती हैं कि अगर उसने उन्हें प्यार से नहीं देखा, तो वह शहर छोड़कर चली जाएंगी. अलका याग्निक की आवाज ने इस गाने को यादगार बना दिया.

हरी साड़ी में माधुरी का देसी अंदाज

फिल्म ‘राजा' का गाना ‘तुमने अगर प्यार से देखा नहीं मुझको' आज भी लोगों को पसंद आता है. इस गाने में माधुरी दीक्षित का अंदाज बेहद खास था. हरी साड़ी, पारंपरिक गहने और मराठी लुक में सजी माधुरी ने अपने डांस से गाने में चार चांद लगा दिए थे. गाने के बोल समीर ने लिखे थे, जबकि संगीत नदीम-श्रवण ने दिया था. अलका याग्निक की आवाज में गाया गया यह गाना उस दौर में खूब लोकप्रिय हुआ था. 

क्या थी फिल्म राजा की कहानी?

साल 1995 में रिलीज हुई फिल्म ‘राजा' में माधुरी दीक्षित के साथ संजय कपूर मुख्य भूमिका में थे. फिल्म में माधुरी ने मधु और संजय कपूर ने राजा का किरदार निभाया था. दोनों बचपन से एक-दूसरे को जानते थे और बड़े होने पर प्यार करने लगते हैं. मधु के भाई इस रिश्ते के खिलाफ होते हैं, क्योंकि राजा गरीब परिवार से होता है. वह दोनों को अलग करने की कोशिश करते हैं. कहानी में कई उतार-चढ़ाव आते हैं, लेकिन आखिर में प्यार की जीत होती है.

गाना देखने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें 

बॉक्स ऑफिस पर बनी ब्लॉकबस्टर

इंद्र कुमार के निर्देशन में बनी इस फिल्म में परेश रावल, मुकेश खन्ना, दलिप ताहिल और रीता भादुड़ी जैसे कलाकार भी थे. फिल्म 2 जून 1995 को रिलीज हुई थी. बॉक्स ऑफिस इंडिया के मुताबिक, फिल्म ने दुनियाभर में करीब 34.68 करोड़ रुपये की कमाई की थी और ब्लॉकबस्टर रही थी. फिल्म के गाने भी खूब पसंद किए गए थे. आज भी ‘तुमने अगर प्यार से देखा नहीं मुझको' माधुरी दीक्षित के यादगार गानों में शामिल है.

Advertisement

ये भी पढ़ें: 23 साल की उम्र में ऐश्वर्या राय ने किया था ये गाना, देसी रंग में रंग कर नाची थीं जम कर, 90s में हुआ था सुपरहिट, आशा भोसले की सदाबहार आवाज

Featured Video Of The Day
कांग्रेस ने मॉक पार्लियामेंट का नाम बदला, अब 'जन महाभियोग' का कार्यक्रम होगा
Topics mentioned in this article
Madhuri Dixit
Entertainment
Raja
Bollywood

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं