‘ओह माय गॉड' के निर्देशक अमित राय की आने वाली फिल्म ‘ओह माय डॉग' 31 जुलाई को रिलीज होने वाली थी, लेकिन अब इसकी रिलीज आगे बढ़ा दी गई है. इसकी सबसे बड़ी वजह बनी है 1925 करोड़ की हॉलीवुड फिल्म ‘स्पाइडर-मैन', जिसने भारतीय सिनेमाघरों की स्क्रीन्स पर ऐसा जाल बिछाया है कि दूसरी फिल्मों के लिए पर्याप्त जगह मिलना मुश्किल हो गया है. भारत में ‘स्पाइडर-मैन' फ्रेंचाइजी की जबरदस्त फैन फॉलोइंग है और इसकी नई फिल्म का इंतज़ार बच्चे ही नहीं, बल्कि बड़े भी बेसब्री से करते हैं. यानी यह भी एक फैमिली फिल्म है और ‘ओह माय डॉग' भी परिवार और बच्चों को ध्यान में रखकर बनाई गई फिल्म है. ऐसे में एक सफल और लोकप्रिय फ्रेंचाइज़ी होने के कारण ‘स्पाइडर-मैन' का ज़्यादातर फैमिली ऑडियंस को अपनी ओर खींचना तय माना जा रहा है. यही वजह है कि ‘ओह माय डॉग' के निर्माताओं ने अपनी फिल्म की रिलीज एक हफ्ते आगे बढ़ाने का फैसला किया.
बड़ी फिल्मों की हो रही स्क्रीन्स
इस बारे में एनडीटीवी से खास बातचीत में फिल्म के निर्देशक अमित राय ने कहा, “यह बहुत ही प्रैक्टिकल फैसला है. वजह यह है कि थिएटरों में पहले से ही कई फिल्में चल रही हैं, जिन्होंने स्क्रीन स्पेस घेर रखा है. उनमें एक बड़ी फिल्म ‘ओडिसी' है. ‘धमाल 4' के भी शोज चल रहे हैं, जिसकी फैमिली ऑडियंस है.
ये भी पढे़ं- दूरदर्शन की रामायण का वो गीत, जब प्रजा के अपमान से आहत हुई थीं सीता जी, सिंगर हेमलता ने आवाज ने अमर किया सॉन्ग
स्पाइडर मैन की एडवांस बुकिंग
अब ‘स्पाइडर-मैन' की एडवांस बुकिंग का जो स्टेटस है और जिस तरह के अनुमान लगाए जा रहे हैं. उन्होंने करीब 15-20 दिन पहले ही एडवांस बुकिंग खोल दी थी उससे साफ़ लग रहा है कि ‘स्पाइडर-मैन' इतिहास रचने जा रही है. मुझे लगता है कि इसकी ओपनिंग करीब 50 करोड़ रुपये की हो सकती है. ऐसे में यह फिल्म ज्यादातर स्क्रीन स्पेस अपने कब्ज़े में ले लेगी और बाकी फिल्मों के लिए जगह ही नहीं बचेगी.
ओह माय डॉग को कम मिले स्क्रीन
‘ओह माय डॉग' भी एक फैमिली फिल्म है और हमारी ऑडियंस भी वही है जो ‘धमाल 4', ‘स्पाइडर-मैन' और ‘ओडिसी' की है. इतनी अच्छी फिल्म बनाने के बाद भी अगर उसे स्क्रीन ही न मिले, तो उसकी असफलता की वजह फिल्म नहीं, बल्कि जगह की कमी होगी. हमारे मार्केटिंग और रिलीज़ का जो प्लान है, वह इतने बड़े स्तर पर नहीं जा पाएगा और फिल्म को बढ़ने का मौका भी नहीं मिलेगा. फिल्म में पूरी क्षमता है, लेकिन उसे जगह ही नहीं मिलेगी. इसलिए हमने सोचा कि अपनी सही जगह बनाने के लिए थोड़ा हट जाएं और एक हफ्ते बाद रिलीज हों. तब तक लोग दूसरी फिल्में देख चुके होंगे, कुछ स्क्रीन खाली होंगी और हमें भी दर्शकों तक पहुंचने का बेहतर मौका मिलेगा. यही हमारी रिलीज़ आगे बढ़ाने की सबसे बड़ी और वाजिब वजह है.”
स्पाइडर मैन से टकराएगी ये फिल्म
इस शुक्रवार यानी 31 जुलाई को ‘ओह माय डॉग' के साथ ‘तेरा यार हूँ मैं' भी रिलीज़ होने वाली थी, जिसमें मशहूर निर्देशक इंद्र कुमार के बेटे अमन इंद्र कुमार मुख्य भूमिका में हैं. अब ‘ओह माय डॉग' की रिलीज़ आगे बढ़ने के बाद इस शुक्रवार बॉक्स ऑफिस पर मुकाबला सिर्फ़ ‘स्पाइडर-मैन' और ‘तेरा यार हूँ मैं' के बीच रह गया है.