'भाभीजी घर पर हैं' देश के सबसे पॉपुलर कॉमेडी शो में से एक है. हाल ही में शो की टीम ने मिलकर एक स्पिन-ऑफ फिल्म बनाई है, जिसका नाम है 'भाभीजी घर पर हैं: फन ऑन द रन'. इस फिल्म ने दर्शकों को हंसने का एक और मौका दिया है. यह एक एडवेंचर कॉमेडी फिल्म है, जिसमें शो के जाने-पहचाने किरदार बड़े पर्दे पर नजर आ रहे हैं. अब यह फिल्म OTT पर रिलीज होने के लिए पूरी तरह से तैयार है. शशांक बाली के डायरेक्शन में बनी यह कॉमेडी-ड्रामा फिल्म, 3 अप्रैल से स्ट्रीमिंग प्लेटफॉर्म ZEE5 पर रिलीज होने वाली है. यह फिल्म 6 फरवरी को सिनेमाघरों में रिलीज हुई थी और अब यह ऑनलाइन भी देख सकेंगे.
इस बात की घोषणा OTT प्लेटफॉर्म के ऑफिशियल सोशल मीडिया पेज पर एक दिलचस्प पोस्टर और कैप्शन के साथ की गई है. कैप्शन में लिखा है, "मॉडर्न कॉलोनी की पलटन निकल पड़ी है, करने 'फन ऑन द रन'... सही पकड़े हैं! भाबी जी का प्रीमियर 3 अप्रैल को #ZEE5 पर होगा."
'भाभीजी घर पर हैं - फन ऑन द रन', 1990 के दशक के सिटकॉम 'श्रीमान श्रीमती' से प्रेरित है. यह सीरीज सबसे पहले 2 मार्च, 2015 को &TV पर शुरू हुई थी और बाद में ZEE5 पर स्ट्रीमिंग के जरिए इसे और भी ज्यादा दर्शक मिले. इसकी लोकप्रियता की वजह से ही 2019 में इसका एक सफल स्पिन-ऑफ, 'हप्पू की उलटन पलटन' भी लॉन्च हुआ. साल की शुरुआत में इस शो ने 2,500 एपिसोड पूरे करके एक बड़ा मील का पत्थर पार किया. इस उपलब्धि का जश्न सेट पर एक शानदार केक-कटिंग सेरेमनी के साथ मनाया गया.