विज्ञापन
This Article is From Jul 04, 2016

विंबलडन 2016 : सानिया-हिंगिस क्वार्टर फाइनल में, बोपन्ना-मर्जिया की जोड़ी बाहर

विंबलडन 2016 : सानिया-हिंगिस क्वार्टर फाइनल में, बोपन्ना-मर्जिया की जोड़ी बाहर
सानिया मिर्जा और मार्टिना हिंगिस (फाइल फोटो)
लंदन: मौजूदा चैंपियन सानिया मिर्जा और मार्टिना हिंगिस ने अपना बेहतरीन प्रदर्शन जारी रखते हुए सोमवार को आसान जीत से विंबलडन टेनिस टूर्नामेंट के महिला युगल के क्वार्टर फाइनल में प्रवेश किया, लेकिन रोहन बोपन्ना और रोमानिया के उनके जोड़ीदार फ्लोरिन मर्जिया को पुरुष युगल में हार का सामना करना पड़ा।

भारतीय स्टार सानिया और स्विट्जरलैंड की हिंगिस की शीर्ष वरीयता प्राप्त जोड़ी ने कोर्ट 17 पर खेले गए मैच में अमेरिका की क्रिस्टियाना मैकाले और लाटविया की येलेना ओस्टापेंको को केवल 46 मिनट में 6-1, 6-0 से करारी शिकस्त दी। सानिया और हिंगिस शुरू से ही हावी हो गईं और उन्होंने अपनी प्रतिद्वंद्वी टीम को किसी भी समय उबरने का मौका नहीं दिया। उन्हें मैच में ब्रेक प्वाइंट के कुल 10 मौके मिले, जिसमें से पांच बार वे सफल रहीं।

इस बीच मैकाले और ओस्टोपेंको केवल दो बार ब्रेक प्वाइंट लेने की स्थिति में पहुंची थीं, लेकिन वे इसका फायदा नहीं उठा पाईं। इस बीच पुरुष युगल में हालांकि बोपन्ना और मर्जिया का अभियान तीसरे दौर में ही थम गया। इस छठी वरीयता प्राप्त जोड़ी को फिनलैंड के हेनरी कोंटिनेन और ऑस्ट्रेलिया के जान पियर्स के हाथों दो घंटे 55 मिनट तक चले मैराथन मुकाबले में 6-2, 3-6, 4-6, 7-6, 6-8 से हार का सामना करना पड़ा।

(इस खबर को एनडीटीवी टीम ने संपादित नहीं किया है. यह सिंडीकेट फीड से सीधे प्रकाशित की गई है।)

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
सानिया मिर्जा, मार्टिना हिंगिस, विंबलडन 2016, रोहन बोपन्ना, टेनिस, Sania Mirza, Martina Hingis, Wimbledon 2016, Rohan Bopanna, Tennis
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com