विज्ञापन
This Article is From Aug 22, 2016

रियो ओलिंपिक : योगेश्वर दत्त के हारने से मां निराश, जानकारों को पहले से थी आशंका

रियो ओलिंपिक : योगेश्वर दत्त के हारने से मां निराश, जानकारों को पहले से थी आशंका
  • मां अपनी सहज भावनाओं को छिपा भी नहीं पायी, कहा- 'निराश हो गई'
  • योगेश्वर ने 65 किग्रा वर्ग के लिए करीब पांच महीने पहले क्वालिफाई किया था
  • योगेश्वर दत्त अपने करियर में लगातार चोटों से जूझते रहे हैं
क्या हमारी AI समरी आपके लिए उपयोगी रही?
हमें बताएं।
रियो डी जनेरियो: हरियाणा के 33 साल के पहलवान योगेश्वर दत्त का रियो में हारना भारतीय खेल प्रेमियों के लिए शायद सबसे बड़े झटकों में से एक था. लंदन ओलिंपिक के पदक विजेता योगेश्वर, रियो के कैरियोका कुश्ती स्टेडियम के मैट पर चित्त हुए और सोनीपत के भैसवालकलां गांव में उनकी मां गश खाकर गिर पड़ीं. मां ने अपनी सहज भावनाओं को छिपाया भी नहीं, कहा- 'निराश हो गई.'

मां को पूरी उम्मीद थी कि बेटा सोना लेकर लौटेगा और नई बहू सोने से लद जाएगी. लेकिन कुश्ती और योगेश्वर को जानने वाले जानकारों को शुरू से ही आशंका थी कि नतीजा ऐसा ही कुछ निकलेगा. योगेश्वर ने 65 किग्रा वर्ग के लिए करीब पांच महीने पहले क्वालिफाई किया था. उन्होंने कजाकिस्तान (अस्ताना) में हुई एशियन ओलिंपिक क्वालिफिकेशन टूर्नामेंट में 65 किग्रा वर्ग में स्वर्ण पदक जीतकर रियो के लिए अपनी जगह पक्की की थी.

उन्होंने 2014 इंचियोन खेलों में भी गोल्ड मेडल जीता था, लेकिन योगेश्वर अपने करियर में लगातार चोटों से जूझते रहे हैं. 2015 में लास वेगास में हुई विश्व चैंपियनशिप और 2013 में हुई हंगरी (वुडा पेस्ट) में हुई विश्व चैंपियनशिप में भाग नहीं ले पाए थे. इस बार भी कई जानकार मानते हैं कि योगेश्वर पूरी तरह से मैच फिट नहीं थे.

यह और बात है कि भारतीय कुश्ती संघ के अध्यक्ष बृजभूषण चरण सिंह कहते हैं कि उनकी फिटनेस को लेकर कोई सवाल नहीं था. वह कहते हैं, 'योगेश्वर फिट नहीं होते तो एशियन ओलिंपिक क्वालिफिकेशन के जरिए क्वालिफाई कैसे करते? हमारी हरियाणा की बच्ची ने एक मेडल जरूर जीता है. लेकिन कुल मिलाकर देखें तो भारतीय कुश्ती की नाकामी ही है. हम कुछ और मेडल भी जीत सकते थे, लेकिन हम चूक गए.'

बृजभूषण का इशारा विनीश फोगाट और नरसिंह यादव की तरफ भी है. उनके मुताबिक ये मेडल भारत को जरूर मिल सकते थे, जो अलग-अलग वजहों से हाथ से फिसल गए. भारत के डबल ओलंपिक मेडल विजेता सुशील कुमार NDTV से बातचीत में कहते हैं, 'मुझे लगा मैं नहीं जा पाया तो योगेश्वर जरूर जीतेंगे. वे एक अच्छे पहलवान हैं और उन्होंने अच्छी तैयारी की थी. मुझे समझ नहीं आ रहा मैं क्या प्रतिक्रिया दूं.'

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
हरियाणा, योगेश्वर दत्त, रियो ओलिंपिक 2016, कुश्ती, लंदन ओलिंपिक, Rio Olympics 2016, Yogeshwar Dutt, Mother, Hariyana, London Olympics
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com