विज्ञापन
This Article is From Nov 20, 2016

भारत की ओलिंपिक सिल्वर मेडलिस्ट पीवी सिंधु ने चाइना ओपन जीतकर रचा इतिहास, चीन की सुन यू को हराया

भारत की ओलिंपिक सिल्वर मेडलिस्ट पीवी सिंधु ने चाइना ओपन जीतकर रचा इतिहास, चीन की सुन यू को हराया
चाइना ओपन से पहले पीवी सिंधु ने रियो ओलिंपिक में सिल्वर मेडल जीता था (फाइल फोटो)
  • सिंधु से पहले 2014 में साइना ने जीता था चाइना ओपन
  • चाइना ओपन जीतने वाली दूसरी भारतीय खिलाड़ी बनीं सिंधु
  • सिंधु ने रियो ओलिंपिक में सिल्वर जीतकर रचा था इतिहास
क्या हमारी AI समरी आपके लिए उपयोगी रही?
हमें बताएं।
नई दिल्ली: रियो ओलिंपिक में सिल्वर मेडल जीतकर देश को गौरवान्वित करने के बाद स्टार शटलर पीवी सिंधु ने एक बार फिर कमाल कर दिया है. सिंधु ने चाइना ओपन के फाइनल में चीन की सुन यू को तीन गेम तक चले मुकाबले में हराकर पहला सुपर सीरीज खिताब अपने नाम किया.

ओलिंपिक के बाद  भी यह उनका पहला बड़ा खिताब है. यह खिताबी जीत उनके लिए इसलिए भी खास है, क्योंकि चाइना ओपन में इससे पहले 25 में से 23 बार चीनी खिलाड़ियों ने ही खिताब पर कब्जा किया था. सिंधु से पहले अब तक भारत की साइना नेहवाल और मलेशिया की मी चुंग वॉन्ग ही ऐसी गैर-चीनी खिलाड़ी रही हैं, जिन्होंने यह खिताब जीता था.

सिंधु ने सुन यू को 21-11, 17-21 और 21-11 से हराया. किसी बड़े टूर्नामेंट में यह लगातार तीसरे साल हुआ है, जब कोई भारतीय महिला बैडमिंटन खिलाड़ी फाइनल खेली है, जबकि इनमें आमतौर पर चीनी खिलाड़ियों का बोलबाला रहता है. साल 2014 में साइना नेहवाल ने यह टूर्नामेंट जीता था, लेकिन 2015 में वह रनर अप रहीं थीं. इस प्रकार पीवी सिंधु चाइना ओपन जीतने वाली दूसरी भारतीय खिलाड़ी बन गई हैं.

चाइना ओपन के फाइनल मुकाबले का पहला गेम जीतने में पीवी सिंधु को ज्यादा मेहनत नहीं करनी पड़ी और उन्होंने आठवीं वरीयता प्राप्त चीन की सुन यू को 17 मिनट में ही 21-11 से गेम जीत लिया. दूसरे गेम में सिंधु को मशक्कत करनी पड़ी. यू ने वापसी की सफल कोशिश की और गेम पर 17-21 से कब्जा कर लिया, लेकिन तीसरे और निर्णायक गेम में सिंधु ने एक बार फिर लय पकड़ ली और सुन यू को एक बार फिर 21-11 से धूल चटा दी. सिंधु और सुन के बीच यह छठा मुकाबला था, जिसमें सिंधु ने जीत-हार का आंकड़ा 3-3 से बराबर कर लिया.

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
पीवी सिंधु, चाइना ओपन, सुपर सीरीज बैडमिंटन, चीन ओपन, चाइना ओपन बैडमिंटन, PV Sindhu, Super Series Badminton, China Open Badminton, China Open, India Vs China, India-China, Indo-china, Badminton, Sindhu
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com