'तैमूर ने एक रात में किया लाखों का कत्लेआम', विवेक अग्निहोत्री का सैफ अली खान पर वार, बोले- बच्चे का ऐसा नाम...

'द बंगाल फाइल्स' के ट्रेलर में एक सीन दिखाया गया, जिसमें एक बच्चे का नाम तैमूर रखा जाता है. इसके बाद सोशल मीडिया पर यह अटकलें लगने लगीं कि विवेक अग्निहोत्री ने सैफ और करीना पर तंज कसा है.

विज्ञापन
Read Time: 3 mins
विवेक अग्निहोत्री ने तैमूर को लेकर सैफ अली खान का बनाया मजाक
नई दिल्ली:

फिल्ममेकर विवेक अग्निहोत्री की आने वाली फिल्म 'द बंगाल फाइल्स' का ट्रेलर 16 अगस्त को रिलीज़ हुआ और तभी से यह चर्चा में है. ट्रेलर में एक सीन दिखाया गया, जिसमें एक बच्चे का नाम तैमूर रखा जाता है. इसके बाद सोशल मीडिया पर यह अटकलें लगने लगीं कि अग्निहोत्री ने सैफ अली खान और करीना कपूर पर तंज कसा है, क्योंकि उन्होंने अपने बेटे का नाम तैमूर रखा था. हाल ही में द रौनक शो में शामिल हुए विवेक अग्निहोत्री ने इन अटकलों पर सफाई दी. उन्होंने कहा कि यह सैफ और करीना पर कोई निजी टिप्पणी नहीं थी. लेकिन उन्होंने साफ कहा कि किसी को भी अपने बच्चे का नाम तैमूर नहीं रखना चाहिए.

अग्निहोत्री ने बताया, "बहुत से लोगों का नाम तैमूर होता है. (सैफ) पहले व्यक्ति नहीं हैं जिन्होंने अपने बच्चे का नाम तैमूर रखा. जब मैं द ताशकंद फाइल्स की शूटिंग के लिए समरकंद गया था, तब मैंने तैमूर की कब्र देखी. वहां लिखा था– उसने दुनिया के सबसे अमीर सल्तनत को जीता. यह दिल्ली सल्तनत थी. लेकिन तैमूर ने एक ही रात में एक लाख लोगों का कत्ल किया. दिल्ली से कश्मीर तक कत्लेआम और लूटपाट की. वह अपने देश में हीरो माना जाता है, लेकिन हमारे लिए वह नायक नहीं है. इसलिए किसी को भी अपने बच्चे का नाम तैमूर नहीं रखना चाहिए".

सैफ और करीना पर विवाद

साल 2016 में जब सैफ और करीना ने अपने बेटे के नाम तैमूर का ऐलान किया था, तब उन्हें काफी आलोचना झेलनी पड़ी. उस समय सैफ ने एक इंटरव्यू में कहा था कि उन्होंने कुछ समय के लिए नाम बदलने पर भी विचार किया था, क्योंकि उन्हें डर था कि उनका बच्चा इस वजह से नापसंद किया जा सकता है. करीना कपूर ने भी एक इंटरव्यू में स्वीकार किया था कि इस विवाद ने उन्हें प्रभावित किया था. उन्होंने कहा था कि लोग तैमूर को जानते तक नहीं थे, फिर भी उसके नाम को लेकर इतनी बातें हुईं.

द बंगाल फाइल्स की कहानी

विवेक अग्निहोत्री की यह फिल्म 1946 के बंगाल दंगे पर आधारित है. इसमें मिथुन चक्रवर्ती, अनुपम खेर, मोहन कपूर, पल्लवी जोशी, सास्वता चटर्जी और पुनीत इस्सर जैसे कई बड़े कलाकार नजर आने वाले हैं. फिल्म का ट्रेलर आते ही तैमूर नाम को लेकर नया विवाद खड़ा हो गया है, लेकिन फिल्म निर्माता का कहना है कि उनका मकसद केवल इतिहास को याद दिलाना है, किसी पर व्यक्तिगत टिप्पणी करना नहीं.

Featured Video Of The Day
Bihar ASI Murder Case: एएसआई की गला रेतकर बेरहमी से हत्या, खेत में मिला शव | Dekh Raha Hai India