Spider-Noir Review in Hindi: अगर आप सोचते हैं कि स्पाइडरमैन का मतलब सिर्फ उछल-कूद, वेब स्विंगिंग और मजेदार जोक्स हैं, तो स्पाइडर-नॉयर आपकी सारी सोच ही बदलकर रख देगी. अमेजन प्राइम वीडियो पर 27 मई 2026 को रिलीज हुई यह 8 एपिसोड वाली सीरीज स्पाइडरमैन की सबसे अलग और सबसे दिलचस्प वर्जन है. निकोलस केज इसमें बेन रिले का रोल निभा रहे हैं,. एक ऐसा स्पाइडरमैन जो सुपरहीरो कम और सख्त जासूस ज्यादा है. 1930 के दशक का न्यूयॉर्क, महामंदी का दौर, अंधेरा, बारिश, सिगरेट का धुआं और पुरानी जासूसी फिल्मों वाला माहौल. इसे देखते हुए लगता है कि आप किसी क्लासिक फिल्म नॉयर में घुस गए हैं, जिसमें अचानक स्पाइडर पावर आ गई हो.
स्पाइडरमैन जो जासूस ज्यादा है
यह सीरीज मार्वल कॉमिक्स के स्पाइडर-मैन नॉयर पर आधारित है, लेकिन इसे पूरी तरह नया रूप दिया गया है. निकोलस केज का बेन रिले एक लुटा-पिटा प्राइवेट इन्वेस्टिगेटर है, जो सालों पहले 'द स्पाइडर' बनकर न्यूयॉर्क की अपराध की दुनिया से लड़ चुका था. लेकिन उसकी जिंदगी में ऐसा कुछ हुआ कि उसने मास्क को अपने से दूर कर लिया. लेकिन जैसे ही एक साधारण केस (नाइटक्लब सिंगर कैट हार्डी को फॉलो करने का) शुरू होता है, पूरे शहर की गैंग, भ्रष्ट मेयर, अजीबोगरीब लोग और पुरानी यादों का जाल उसे फिर से खींच लेता है.
अमेजन प्राइम वीडियो पर रिलीज हुई है Spider Noir
एक्टिंग में अव्वल निकोलस केज
निकोलस केज की एक्टिंग कमाल है. वे कभी निराशावादी, कभी चतुर, कभी भावुक रूप से टूटे हुए और कभी पूरी तरह काम में डूबे नजर आते हैं. यह स्पाइडरमैन युवा और आदर्शवादी नहीं है, यह अधेड़ उम्र का, टूटा हुआ लेकिन हार न मानने वाला हीरो है जो मुक्कों से ज्यादा दिमाग से लड़ता है.
प्राइम वीडियो का अनोखा तोहफा
स्पाइडर-नॉयर की सबसे बड़ी खासियत यह है कि प्राइम वीडियो आपको हर एपिसोड दो वर्जन में देखने का विकल्प देता है: असली ब्लैक एंड व्हाइट, शुद्ध नॉयर फील, तेज कंट्रास्ट और सिनेमाई लुक. दूसरा रंगीन वर्जन, जिसमें वीएफएक्स और एक्शन और भी जीवंत दिखते हैं.
मेरा आपको यही सुझाव है कि पहले ब्लैक एंड व्हाइट में देखिए. पूरा माहौल, लाइटिंग और सिनेमैटोग्राफी उसमें जादू करती है. बाद में रंगीन वर्जन देखकर तुलना करिए.
सीरीज में खास?
1930 के दशक का न्यूयॉर्क शानदार तरीके से बनाया गया है, गगनचुंबी इमारतें, पुरानी गाड़ियां, गुप्त शराबखाने और अंधेरी गलियां. ली जून ली (कैट हार्डी), ब्रेंडन ग्लीसन (सिल्वरमेन), लामोर्न मॉरिस (रॉबी रॉबर्टसन) सबने शानदार काम किया है.
रॉ एक्शन है. निकोलस केज का ह्यूमर बीच-बीच में कहानी को हल्का भी रखता है.
Spider Noir में निकोलस केज बने हैं अनोख स्पाइडी
सीरीज की खामियां
सीरीज कहीं-कहीं धीमी पड़ जाती है. इस वजह से थोड़ी खींची हुई लग सकती है. ऐसा आप बीच के एपिसोड्स में महसूस कर सकते हैं.
स्पाइडर-नॉयर वर्डिक्ट
कुल मिलाकर 8 एपिसोड हैं. स्पाइडर-नॉयर मार्वल के सामान्य फॉर्मूले से हटकर कुछ नया और ताजा पेश करती है. यह न सिर्फ स्पाइडरमैन फैन्स के लिए, बल्कि अच्छी जासूसी कहानी, नॉयर सिनेमैटोग्राफी और निकोलस केज की मस्ती पसंद करने वालों के लिए भी बेस्ट है. अगर आप स्पाइडरमैन को नई नजर से देखना चाहते हैं तो यह सीरीज मिस मत कीजिए.
रेटिंग: 4/5 स्टार
ओटीटी: अमेजन प्राइम वीडियो
एक्टर: निकोलस केज, ली जुन ली, जैक हस्टन और ब्रेंडन ग्लिसन