एक्ट्रेस सोनम कपूर के लिए रविवार का दिन बेहद खास रहा. एक्ट्रेस दूसरी बार मां बनी हैं, उन्होंने दूसरे बेटे को जन्म दिया है। इसकी जानकारी सोनम ने खुद सोशल मीडिया पर पोस्ट के जरिए दी है. सोनम अब दो बच्चों की मां बन गई हैं. सोनम कपूर ने इंस्टाग्राम पर पोस्ट करते हुए लिखा, “बेहद शुक्रगुजार और प्यार से भरे दिलों के साथ, हमें 29 मार्च 2026 को अपने बेटे के आने की खुशखबरी सुनाते हुए बहुत खुशी हो रही है. हमारा परिवार और बड़ा हो गया है और उसके आने से हमारे दिल खुशियों से और भी ज्यादा भर गया है.”
सोनम कपूर ने दी बेटे के जन्म की गुड न्यूज
‘रांझणा' फेम अभिनेत्री ने बताया कि उनका बड़ा बेटा वायु अब छोटे भाई को पाकर बहुत खुश है. सोनम ने आगे लिखा, “वायु अपने छोटे भाई का स्वागत करके बहुत उत्साहित और खुश है और हम इस अनमोल नई जिंदगी के लिए खुद को बहुत धन्य महसूस करते हैं, जिसने हमारे घर को खुशियों और प्यार से भर दिया है.” पोस्ट के अंत में सोनम और आनंद ने लिखा, “हम चार लोगों के परिवार के रूप में इस खूबसूरत नए सफर की शुरुआत करने के लिए शुक्रगुजार हैं.”
ये भी पढ़ें- राजपाल यादव की वो फिल्म, बदली भूत बंगला एक्टर की किस्मत, डायरेक्टर ने नहीं दी 27 साल से कोई हिट
करीना कपूर और अन्य सेलेब्स ने दी बधाई
इस खुशखबरी को लेकर सोनम के परिवार और दोस्तों की ओर से ढेरों शुभकामनाएं मिलीं. करीना कपूर ने लिखा, “बधाई हो सोना और आनंद.” सोनम की बहन रिया कपूर ने दिल वाले इमोजी के साथ खुशी जताई. सोनम के चाचा संजय कपूर ने भी रेड हार्ट इमोजी के साथ अपनी खुशी जाहिर की. इसके अलावा, दीया मिर्जा और हुमा कुरैशी ने भी कमेंट सेक्शन में बधाई दी.
सोनम कपूर के बारे में
सोनम कपूर ने पिछले साल नवंबर में अपनी दूसरी प्रेग्नेंसी की घोषणा की थी. उन्होंने एक खूबसूरत तस्वीर शेयर की थी जिसमें वह हॉट पिंक रंग का शानदार सूट पहने नजर आई थीं. कैप्शन में सिर्फ एक शब्द लिखा था – “मां.” सोनम कपूर ने मई 2018 में बिजनेसमैन आनंद आहूजा से शादी की थी. दोनों कई सालों से रिश्ते में थे. सोनम ने अगस्त 2022 में अपने पहले बेटे वायु को जन्म दिया था.