रणवीर सिंह की फिल्म धुरंधर: द रिवेंज यानी ‘धुरंधर 2' का ट्रेलर शनिवार को रिलीज होते ही इंटरनेट पर छा गया. ट्रेलर सामने आने के साथ ही मेकर्स ने फिल्म की एडवांस बुकिंग भी शुरू कर दी. खास बात यह रही कि बुकिंग शुरू होते ही दर्शकों का जबरदस्त उत्साह देखने को मिला और महज एक घंटे के भीतर ही हजारों टिकट बिक गए. टिकट बुकिंग प्लेटफॉर्म BookMyShow के ट्रेंडिंग डेटा के अनुसार, दोपहर करीब 12 बजे तक पिछले एक घंटे में फिल्म के लगभग 5 हजार टिकट खरीदे जा चुके थे. यह आंकड़ा सिर्फ एक प्लेटफॉर्म का है, जिससे साफ पता चलता है कि फिल्म को लेकर दर्शकों में कितना जबरदस्त क्रेज बना हुआ है.
आपको बता दें कि खबर लिखे जाने तक टिकटों की बिक्री की रफ्तार और तेज हो चुकी थी और यह संख्या 7 हजार से भी ज्यादा पहुंच गई. मेकर्स ने शनिवार सुबह ठीक 11:01 बजे फिल्म का ट्रेलर रिलीज किया. ट्रेलर के आखिर में ही दर्शकों को यह जानकारी दी गई कि फिल्म की एडवांस बुकिंग तुरंत शुरू की जा रही है. साथ ही यह भी बताया गया कि 19 मार्च को होने वाली आधिकारिक रिलीज से एक दिन पहले यानी 18 मार्च को फिल्म के पेड प्रीव्यू शो भी रखे जाएंगे, जिसके लिए दर्शक सबसे ज्यादा उत्साहित नजर आ रहे हैं.
दिल्ली-एनसीआर में कई प्रीमियम सिनेमाघरों में फिल्म के टिकट काफी महंगे रखे गए हैं. कुछ लग्जरी थिएटर्स में एक टिकट की कीमत टैक्स समेत लगभग 2500 रुपये तक पहुंच रही है. इसके बावजूद दर्शकों के उत्साह में कोई कमी नहीं दिख रही. प्रीमियम स्क्रीन में सीटों की संख्या सीमित होने के कारण ट्रेलर रिलीज होने के कुछ ही समय बाद कई शोज लगभग फुल होने की स्थिति में पहुंच गए.
यह भी पढ़ें: ‘टटिहरी' ने बढ़ाई बादशाह की मुश्किलें, एफआईआर के बाद पुलिस का बड़ा एक्शन, यूट्यूब से हटाया गया गाना
फिल्म में रणवीर सिंह मुख्य भूमिका में नजर आएंगे. उनके साथ अर्जुन रामपाल, संजय दत्त और आर माधवन जैसे बड़े कलाकार भी अहम किरदार निभाते दिखाई देंगे. स्टारकास्ट और ट्रेलर के दमदार एक्शन को देखते हुए माना जा रहा है कि फिल्म रिलीज से पहले ही बॉक्स ऑफिस पर जबरदस्त माहौल बना चुकी है.