कॉमेडी के बादशाह माने जाने वाले बॉलीवुड अभिनेता राजपाल यादव अपनी शानदार एक्टिंग और कॉमिक टाइमिंग के लिए जाने जाते हैं. उन्होंने कई सुपरहिट फिल्मों में ऐसे किरदार निभाए हैं जिन्हें दर्शक आज भी याद करते हैं. लेकिन हाल ही में दिए एक इंटरव्यू में राजपाल यादव ने अपनी पर्सनल लाइफ से जुड़ी दिलचस्प बात साझा की. उन्होंने बताया कि उनकी पत्नी राधा यादव को उनकी कई फिल्में पसंद हैं, लेकिन सबसे ज्यादा पसंद उनकी वह फिल्म है जो बॉक्स ऑफिस पर फ्लॉप रही थी. राजपाल यादव के मुताबिक उनकी पत्नी को फिल्म 'मैं माधुरी दीक्षित बनना चाहती हूं' बेहद पसंद है और वह अक्सर इस फिल्म की तारीफ करती हैं.
पत्नी को पसंद हैं राजपाल की ये फिल्में
हाल ही में NDTV को दिए इंटरव्यू में राजपाल यादव ने कहा कि अपने काम के लिए दोस्तों, रिश्तेदारों और खासकर पत्नी से तारीफ पाना सबसे मुश्किल होता है. उन्होंने मजाकिया अंदाज में कहा कि अगर कोई यह सोचता है कि पत्नी तो हर हाल में तारीफ कर ही देगी, तो ऐसा बिल्कुल नहीं है. राजपाल ने बताया कि उनकी पत्नी को उनकी कई फिल्में पसंद हैं, जिनमें चुप चुप के, हंगामा, मालामाल वीकली, ढोल और मुझसे शादी करोगी शामिल हैं. हालांकि उन्होंने कहा कि उनकी पत्नी को खास तौर पर मैं माधुरी दीक्षित बनना चाहती हूं फिल्म बहुत पसंद है.
जेल जाने की खबर और आने वाली फिल्म
गौरतलब है कि हाल ही में राजपाल यादव एक पुराने मामले में कुछ समय के लिए जेल भी गए थे, जिसकी खबरों ने खूब सुर्खियां बटोरी थीं. हालांकि बाद में वह हिरासत से बाहर आ गए और अपने काम में फिर से व्यस्त हो गए. वर्कफ्रंट की बात करें तो राजपाल यादव जल्द ही फिल्म भूत बंगला में नजर आने वाले हैं. इस फिल्म को लेकर फैंस के बीच काफी उत्साह है. माना जा रहा है कि यह फिल्म हॉरर और कॉमेडी का दिलचस्प मिश्रण होगी, जिसमें राजपाल यादव एक बार फिर अपने मजेदार अंदाज से दर्शकों को हंसाते दिखाई देंगे.