प्रियंका चोपड़ा को शादी के दिन सबसे ज्यादा खली पिता की कमी, सालों बाद छलका दर्द, बोलीं- पापा निक को ही चुनते

बॉलीवुड और हॉलीवुड में अपनी पहचान बना चुकीं प्रियंका चोपड़ा ने एक बार फिर अपने पिता को याद करते हुए भावुक बात कही है. हाल ही में एक पॉडकास्ट में उन्होंने बताया कि अगर उनके पिता आज जिंदा होते, तो वे खुद उनके लिए निक जोनस जैसे जीवनसाथी को चुनते.

विज्ञापन
Read Time: 3 mins
अपने पिता के बहुत क्लोज थीं प्रियंका चोपड़ा

बॉलीवुड और हॉलीवुड में अपनी पहचान बना चुकीं प्रियंका चोपड़ा ने एक बार फिर अपने पिता को याद करते हुए भावुक बात कही है. हाल ही में एक पॉडकास्ट में उन्होंने बताया कि अगर उनके पिता आज जिंदा होते, तो वे खुद उनके लिए निक जोनस जैसे जीवनसाथी को चुनते. प्रियंका ने कहा कि उनके पिता से उनका रिश्ता बेहद खास था और वह आज भी उनकी कमी गहराई से महसूस करती हैं. खासकर अपनी शादी के समय उन्हें पिता की अनुपस्थिति ने बहुत भावुक कर दिया था. 2013 में कैंसर से लंबी लड़ाई के बाद उनके पिता का निधन हो गया था.

पिता को पसंद आते निक जोनस

पॉडकास्ट शो Mythical Kitchen में बातचीत के दौरान प्रियंका ने कहा कि निक बिल्कुल वैसे इंसान हैं, जिन्हें उनके पिता पसंद करते. उन्होंने बताया कि उनके पिता को संगीत से बहुत प्यार था और निक एक शानदार सिंगर, गीतकार और म्यूज़िशियन हैं. प्रियंका के मुताबिक, निक जब स्टूडियो में काम करते हैं तो पूरी तरह अपने काम में डूब जाते हैं. उन्हें काम करते देखना बेहद प्रेरणादायक होता है. प्रियंका ने यह भी कहा कि निक समझदार और शांत स्वभाव के इंसान हैं, और उनके पिता जरूर चाहते कि उनकी बेटी को ऐसा संतुलित जीवनसाथी मिले.

शादी में बहुत खली पिता की कमी

प्रियंका ने एक पुराने इंटरव्यू में बताया था कि 2018 में शादी के दौरान उन्हें अपने पिता की बहुत याद आई. उन्होंने कहा कि उनके पिता अक्सर मजाक में कहते थे, “मैं अपना सूट कब सिलवाऊं?” शादी के समय जब उनकी मां सारी जिम्मेदारियां संभाल रही थीं, तब प्रियंका को यह अहसास और भी ज्यादा हुआ कि काश उनके पिता उस दिन साथ होते. वह मानती हैं कि उस समय की भावनाएं आज भी उनके दिल में ताजा हैं.

शाही अंदाज में हुई थी शादी

प्रियंका और निक ने 2018 में उमैद भवन पैलेस में भव्य शादी की थी. दोनों ने हिंदू और क्रिश्चियन रीति-रिवाज से तीन दिन तक शादी का जश्न मनाया. साल 2022 में दोनों ने सरोगेसी के जरिए अपनी बेटी मालती मैरी चोपड़ा जोनस का स्वागत किया. आज भी प्रियंका अपने पिता को खास मौकों पर याद करती हैं और उनकी याद में हाथ पर बना टैटू उनके गहरे रिश्ते की निशानी है.

Featured Video Of The Day
US-Israel Iran War में अब China की एंट्री, खुलकर किया ईरान को सपोर्ट, क्या बोला? | Khamenei | Trump