Priyanka Chopra Varanasi Fees: ग्लोबल आइकन प्रियंका चोपड़ा ने भारतीय सिनेमा में अपनी वापसी को लेकर उत्साह जताया है. उन्होंने एसएस राजामौली निर्देशित आगामी फिल्म 'वाराणसी' के बारे में बात की, जिसमें महेश बाबू मुख्य भूमिका में हैं. प्रियंका ने इसे एक रोमांचक साहसिक यात्रा बताया. अमेरिकी टॉक शो 'द टुनाइट शो स्टारिंग जिमी फॉलन' में शुक्रवार को प्रियंका ने कहा, 'मैंने 6-7 साल से कोई भारतीय फिल्म नहीं की है. अब मैं 'वाराणसी' नाम की फिल्म कर रही हूं, जिसका निर्देशन एसएस राजामौली कर रहे हैं, जो भारत के सबसे प्रतिभाशाली और शानदार निर्देशकों में से एक हैं. यह एक बड़ा एडवेंचर होने वाला है, मैं इसके लिए बहुत उत्साहित हूं. हमने इसे आईमैक्स फॉर्मेट में शूट किया है और हम 14 महीनों से इसकी शूटिंग कर रहे हैं.'
द टुनाइट शो ने इस एपिसोड का क्लिप अपने एक्स हैंडल पर शेयर किया, जिसमें लिखा है: 'से भारतीय सिनेमा में अपनी बहुप्रतीक्षित वापसी कर रही हैं.' पिछले साल एसएस राजामौली ने फिल्म का टाइटल घोषित किया था और महेश बाबू के किरदार 'रुद्र' का परिचय दिया था. पोस्टर में महेश बाबू बैल पर सवार होकर त्रिशूल थामे दिखे थे. फिल्म में प्रियंका चोपड़ा 'मंदाकिनी' का किरदार निभा रही हैं. यह फिल्म अप्रैल 2027 में रिलीज होने वाली है. प्रियंका चोपड़ा की फिल्म के लिए फीस लगभग 30 करोड़ रुपये बताई जा रही है. जबकि फिल्म का बजट लगभग 1300 करोड़ रुपये है.
फिल्म में पृथ्वीराज सुकुमारन भी महत्वपूर्ण भूमिका में हैं. यह एसएस राजामौली की एक और बड़ी परियोजना है, जो समय और स्थानों को पार करती हुई कहानी बताती है, जिसके केंद्र मे वराणसी है.
इस बीच, प्रियंका चोपड़ा हाल ही में प्राइम वीडियो पर रिलीज हुई फिल्म 'द ब्लफ' में नजर आईं. केमन आइलैंड्स में सेट इस एक्शन फिल्म में उन्होंने कार्ल अर्बन के साथ तलवार और बंदूक की इंटेंस सीक्वेंस किए. फिल्म का निर्देशन फ्रैंक ई. फ्लावर्स ने किया और यह 25 फरवरी को रिलीज हुई. प्रियंका की यह वापसी भारतीय सिनेमा के लिए बड़ी घटना मानी जा रही है, खासकर राजामौली जैसे दिग्गज निर्देशक के साथ.