बीते साल ट्विंकल खन्ना का एक बयान सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हुआ था. उन्होंने फिजिकल इंफिडेलिटी यानी फिजिकल चीटिंग को लेकर कहा था, “रात गई बात गई”. इस बयान ने इंटरनेट पर बहस छेड़ दी थी. अब इस मुद्दे पर अभिनेता प्रतीक स्मिता पाटिल का एक अप्रत्यक्ष रिएक्शन सामने आया है, जिसने फिर से इस चर्चा को हवा दे दी है. प्रतीक स्मिता पाटिल और उनकी पत्नी प्रिया बनर्जी ने पिछले साल 14 फरवरी को शादी की थी. हाल ही में दोनों ने फोटोग्राफर नवीन सिंह भद्राज (टीम वरिंदर चावला) से बातचीत में बॉलीवुड शादियों को लेकर चौंकाने वाले दावे किए.
प्रिया बनर्जी ने कहा कि बॉलीवुड की 90 प्रतिशत शादियां सिर्फ दिखावा हैं और उन्हें यह इसलिए पता है क्योंकि वह इंडस्ट्री के अंदर से चीजें देख रही हैं. प्रिया की बात से सहमति जताते हुए प्रतीक ने कहा, “यह साफ दिखाई देता है.” इसके बाद प्रतीक ने बिना किसी का नाम लिए ट्विंकल खन्ना के बयान पर तंज कसते हुए कहा, “एक शो में किसी ने एक टिप्पणी की थी. मैं नाम नहीं लूंगा. लेकिन अगर शादीशुदा लोग ‘रात गई बात गई' कह रहे हैं, तो आप समझ सकते हैं कि स्थिति क्या है.”
दरअसल, यह बयान ट्विंकल खन्ना के टॉक शो ‘Two Much With Twinkle and Kajol' से जुड़ा है, जहां करण जौहर और जान्हवी कपूर मेहमान थे. शो में इंफिडेलिटी पर चर्चा के दौरान करण और ट्विंकल ने कहा कि फिजिकल इंफिडेलिटी उनके लिए डील ब्रेकर नहीं है. वहीं जान्हवी कपूर ने इससे असहमति जताई. इसी दौरान ट्विंकल ने मजाकिया अंदाज़ में कहा था- “रात गई, बात गई.”
इस बयान पर सोशल मीडिया पर खूब आलोचना हुई. बाद में ट्विंकल खन्ना ने सफाई देते हुए कहा कि यह एक हल्के-फुल्के गेम का हिस्सा था, कोई गंभीर बहस नहीं. उन्होंने कहा कि अगर यह गंभीर चर्चा होती, तो वह रिश्तों और मोनोगैमी पर गहराई से बात करतीं. अब प्रतीक स्मिता पाटिल का यह अप्रत्यक्ष बयान एक बार फिर बॉलीवुड रिश्तों, शादियों और वफादारी को लेकर सवाल खड़े कर रहा है.