Peddi Box Office Collection Day 2: भारतीय सिनेमा की सबसे बहुप्रतीक्षित फिल्मों में शामिल राम चरण स्टारर ‘पेद्दि' ने रिलीज होते ही बॉक्स ऑफिस पर धमाकेदार शुरुआत की है. महीनों से फिल्म को लेकर बना जबरदस्त बज, हिट गानों और दमदार ट्रेलर का असर अब टिकट खिड़की पर साफ नजर आ रहा है. दर्शकों के शानदार रिस्पॉन्स के चलते फिल्म ने रिलीज के महज दो दिनों में दुनियाभर में 181.8 करोड़ रुपये का ग्रॉस कलेक्शन कर लिया है. इसके साथ ही ‘पेद्दि' साल 2026 की सबसे बड़ी ओपनिंग करने वाली फिल्मों में शामिल हो गई है.
दो दिनों में 181.8 करोड़ की कमाई
राम चरण, जाह्नवी कपूर और जगपति बाबू स्टारर इस मेगा बजट फिल्म ने पहले ही दिन शानदार शुरुआत की थी, जबकि दूसरे दिन भी इसकी कमाई में कोई गिरावट नहीं देखी गई. उल्टा, दर्शकों के पॉजिटिव रिव्यू और मजबूत वर्ड ऑफ माउथ की वजह से कई क्षेत्रों में फिल्म की कमाई में बढ़ोतरी दर्ज की गई. फिल्म ने रिलीज के सिर्फ दो दिनों में दुनिया भर के बॉक्स ऑफिस पर 181.8 करोड़ रुपये से ज्यादा का ग्रॉस कलेक्शन कर लिया है. खासतौर पर हिंदी बेल्ट में फिल्म के प्रदर्शन ने ट्रेड एक्सपर्ट्स को भी प्रभावित किया है. दूसरे दिन हिंदी वर्जन में दर्शकों की संख्या बढ़ी और कई शहरों में शोज़ हाउसफुल रहे.
राम चरण ने रचा नया रिकॉर्ड
‘पेद्दि' की सफलता के साथ राम चरण ने अपने नाम एक और बड़ी उपलब्धि दर्ज कर ली है. ‘आरआरआर' के बाद यह उनके करियर की दूसरी फिल्म बन गई है जिसने रिलीज के शुरुआती दौर में 100 करोड़ रुपये से ज्यादा की ओपनिंग हासिल की है. इसके साथ ही राम चरण दुनिया भर के बॉक्स ऑफिस पर एक से ज्यादा बार 100 करोड़ रुपये की ओपनिंग देने वाले भारत के चुनिंदा सितारों की सूची में शामिल हो गए हैं. फिल्म में उनके ट्रांसफॉर्मेशन, स्क्रीन प्रेजेंस और दमदार अभिनय की सोशल मीडिया पर जमकर तारीफ हो रही है.
फिल्म की सफलता का जश्न मनाते हुए मेकर्स ने सोशल मीडिया पर पोस्ट शेयर कर लिखा, ”#Peddi ने 2 दिनों में वर्ल्डवाइड 181.8 करोड़+ का ग्रॉस कलेक्शन कर लिया है. बॉक्स ऑफिस चैंपियन #PEDDI सिनेमाघरों पर राज कर रही है.”
स्टारकास्ट और टेक्निकल टीम बनी फिल्म की ताकत
बुची बाबू सना के निर्देशन में बनी ‘पेद्दि' में राम चरण के साथ जाह्नवी कपूर, शिवा राजकुमार, जगपति बाबू और दिव्येंदु शर्मा जैसे कलाकार अहम भूमिकाओं में नजर आ रहे हैं. फिल्म का निर्माण वेंकट सतीश किलारू ने वृद्धि सिनेमाज के बैनर तले किया है, जबकि मैत्री मूवी मेकर्स, सुकुमार राइटिंग्स और आईवीवाई एंटरटेनमेंट ने इसमें सहयोग किया है.
फिल्म की तकनीकी टीम भी इसकी सबसे बड़ी ताकत मानी जा रही है. ऑस्कर विजेता ए. आर. रहमान का संगीत, आर. रत्नावेलु की सिनेमैटोग्राफी, अविनाश कोल्ला का प्रोडक्शन डिजाइन और नवीन नूली की एडिटिंग फिल्म को भव्यता प्रदान करते हैं. यही वजह है कि दर्शक फिल्म के विजुअल्स और बैकग्राउंड स्कोर की भी जमकर सराहना कर रहे हैं.
वीकेंड में और बढ़ सकती है कमाई
ट्रेड रिपोर्ट्स के मुताबिक, कई शहरों में फिल्म के शोज़ लगातार हाउसफुल चल रहे हैं. वीकेंड शुरू होने के साथ ही टिकटों की मांग और बढ़ गई है. ऐसे में माना जा रहा है कि ‘पेद्दि' आने वाले दिनों में कई बड़े रिकॉर्ड अपने नाम कर सकती है. गौरतलब है कि जियो स्टूडियोज ने फिल्म को नॉर्थ इंडिया में रिलीज किया है. 4 जून 2026 को दुनियाभर के सिनेमाघरों में रिलीज हुई ‘पेद्दि' अब बॉक्स ऑफिस पर अपनी मजबूत पकड़ बनाए हुए है और इसकी रफ्तार फिलहाल थमती नजर नहीं आ रही.
यह भी पढ़ें: अमिताभ की इस फिल्म में श्रीदेवी ने नहीं बोला था एक भी डायलॉग, आवाज बनी थीं दूसरी स्टार, 40 साल बाद खुला राज