बुजुर्ग महिला की सुरीली आवाज में खोए सोनू सूद, वीडियो शेयर कर बोले- 'हुनर तो सभी में होता है'

बुजुर्ग महिला की सुरीली आवाज ने सोनू सूद का दिल जीत लिया, जिसका एक्टर ने वीडियो शेयर कर तारीफों के पुल बांध दिए.

विज्ञापन
Read Time: 3 mins
सोनू सूद ने शेयर किया बुजुर्ग महिला का सिंगिंग वीडियो
नई दिल्ली:

बॉलीवुड के अभिनेता सोनू सूद को सिर्फ एक एक्टर के तौर पर नहीं, बल्कि एक नेकदिल इंसान के रूप में भी जाना जाता है. उन्होंने लॉकडाउन के दौरान लोगों की मदद करके जो पहचान बनाई, वह आज भी लोगों के दिलों में कायम है. सोनू सूद अक्सर सोशल मीडिया पर कुछ ऐसा साझा करते हैं, जो दिल को छू जाता है. चाहे किसी जरूरतमंद की मदद हो या किसी अनदेखी प्रतिभा को दुनिया के सामने लाना, सोनू सूद हमेशा अपने काम से लोगों के बीच चर्चा में रहते हैं. हाल ही में उन्होंने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक ऐसा वीडियो पोस्ट किया, जो हर किसी के दिल को भा रहा है.

इस वीडियो में सोनू सूद एक बुजुर्ग महिला के पास बैठे नजर आ रहे हैं. वीडियो की शुरुआत में वह बताते हैं कि यह अम्मा कमाल की सिंगर हैं. इसके बाद वह बड़ी विनम्रता से उनसे कुछ गाने की गुजारिश करते हैं. बुजुर्ग महिला मुस्कराते हुए मराठी भाषा का एक गीत गाना शुरू करती हैं. उनका सुर, उनका लय और उनकी आवाज इतनी भावनात्मक होती है कि देखने वाले का दिल छू जाता है.

गाना खत्म होने के बाद सोनू सूद उनकी तारीफ करते हैं और मुस्कराते हुए कहते हैं, "बहुत बढ़िया, आप आर्टिस्ट हैं." यह सुनकर अम्मा के चेहरे पर खुशी आ जाती है और वह सोनू सूद को आशीर्वाद देती हैं. इस पूरे पल को सोनू सूद ने कैमरे में कैद किया और इंस्टाग्राम पर साझा करते हुए एक बेहद दिल को छू लेने वाला कैप्शन लिखा, "हुनर तो सभी में होता है. किसी का छिप जाता है, किसी का छप जाता है. अम्मा, आप कमाल हो. गणपति बप्पा मोरया."

वीडियो के सामने आते ही सोशल मीडिया पर लोगों की प्रतिक्रियाओं की बाढ़ आ गई. कई यूजर्स ने कमेंट में लिखा, "असली हीरो आप हैं, सोनू सूद." तो कुछ ने कहा, "अम्मा की आवाज ने दिल छू लिया." कई लोगों ने हाथ जोड़ने वाली और दिल वाले इमोजी के साथ कमेंट किया.

(इस खबर को एनडीटीवी टीम ने संपादित नहीं किया है. यह सिंडीकेट फीड से सीधे प्रकाशित की गई है।)
Featured Video Of The Day
Iran ने Israel PM Benjamin Netanyahu के Office पर Ballistic Missiles से किया बड़ा Attack?