Maha Kumbh Viral Girl Monalisa Got Married: महाकुंभ के दौरान अपनी नीली-भूरी आंखों की वजह से सोशल मीडिया पर रातोंरात चर्चा में आईं मोनालिसा भोसले एक बार फिर सुर्खियों में हैं. इस बार वजह उनकी निजी जिंदगी है. जानकारी के मुताबिक, महाकुंभ वायरल गर्ल मोनालिसा अपने मुस्लिम बॉयफ्रेंड फरमान के साथ केरल के तिरुवनंतपुरम स्थित तम्पानूर पुलिस स्टेशन पहुंचीं और सुरक्षा की मांग की. उन्होंने पुलिस को बताया कि वह अपने प्रेमी के साथ रहना चाहती हैं और जल्द ही उससे शादी करने का फैसला कर चुकी हैं.
मोनालिसा का आरोप है कि उनके परिवार को यह रिश्ता मंजूर नहीं है. खासकर उनके पिता जय सिंह भोसले इस संबंध का कड़ा विरोध कर रहे हैं. अलग-अलग धर्म से होने के कारण परिवार की तरफ से उन पर दबाव बनाया जा रहा था. मोनालिसा ने दावा किया कि उन्हें घर लौटने के लिए मजबूर किया जा रहा था और धमकियां भी दी जा रही थीं. इसी वजह से उन्होंने घर छोड़ दिया और अपने प्रेमी के साथ केरल पहुंच गईं.
पुलिस के अनुसार, पूछताछ के दौरान मोनालिसा और फरमान ने बताया कि वे पिछले करीब डेढ़ साल से रिश्ते में हैं और उनकी मुलाकात फेसबुक के जरिए हुई थी. दोनों ने यह भी कहा कि सामाजिक और धार्मिक दबाव से दूर रहने के लिए उन्होंने केरल आने का फैसला किया. पुलिस ने जब मोनालिसा के दस्तावेजों की जांच की तो वह बालिग पाई गईं. इसके बाद उनके पिता को भी थाने बुलाया गया, लेकिन कानून के अनुसार बालिग होने के कारण पुलिस ने उन्हें अपने फैसले के मुताबिक जाने की अनुमति दे दी.
दरअसल, मोनालिसा साल 2025 में प्रयागराज में आयोजित महाकुंभ के दौरान उस समय वायरल हुई थीं, जब वह अपने परिवार के साथ रुद्राक्ष और माला बेचती नजर आई थीं. उनकी तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से फैल गए थे. इसके बाद उन्हें फिल्म ‘द डायरी ऑफ मणिपुर' में काम करने का मौका भी मिला. हालांकि, लोकप्रियता के साथ उनकी जिंदगी में कई विवाद भी जुड़े रहे हैं.