करण औजला की दरियादिली, मुंबई में ऑटो ड्राइवरों का भरा 22 हजार रुपए का चालान, फैंस बोले- बड़ा दिलवाला

करण औजला ने मुंबई में ऑटो-रिक्शा की सवारी के दौरान दो ड्राइवरों का 22 हजार रुपए का पेंडिंग फाइन भर दिया.  सोशल मीडिया पर सिंगर की दरियादिली की जमकर तारीफ हो रही है.

विज्ञापन
Read Time: 2 mins
करण औजला ने मुंबई में ऑटो ड्राइवरों का भरा 22 हजार रुपए का फाइन
नई दिल्ली:

पंजाबी सिंगर करण औजला इन दिनों अपने पी-पॉप कल्चर टूर के इंडिया लेग में बिजी हैं. 28 फरवरी को उन्होंने दिल्ली से टूर की शुरुआत की थी और 3 मार्च यानी आज मुंबई में परफॉर्म करने वाले हैं. मुंबई पहुंचते ही सिंगर ने शहर की सड़कों पर ऑटो-रिक्शा की सवारी का मज़ा लिया. लेकिन उनका ये सफर काफी ज्यादा चर्चा में है. रास्ते में पुलिस ने ऑटो रोका तो पता चला कि ड्राइवर पर पेंडिंग फाइन है. इसके बाद जो हुआ उसने फैंस का दिल जीत लिया.

मुंबई की ऑटो राइड बन गई खास

सोमवार को करण औजला के फोटोग्राफर तरण सोढ़ी ने एक वीडियो शेयर किया, जिसमें सिंगर मुंबई में ऑटो-रिक्शा में सफर करते नजर आए. इस दौरान पुलिस ने ऑटो रोका क्योंकि ड्राइवर पर पेंडिंग चालान था. जैसे ही करण को पता चला उन्होंने अपनी टीम से ड्राइवर का 17,000 रुपए का फाइन तुरंत भरने को कहा.

दूसरे ड्राइवर की भी की मदद

मामला यहीं खत्म नहीं हुआ. एक और ऑटो ड्राइवर करण के पास आया और अपने पेंडिंग फाइन के बारे में बताया. करण ने बिना हिचकिचाए अपनी टीम से उसके लिए भी 5,000 रुपए का फाइन भरने को कहा. इस तरह कुल 22,000 रुपए का फाइन चुकाया गया. जब दूसरे ड्राइवर को पता चला कि मदद करने वाला व्यक्ति करण औजला है, तो वह भावुक हो गया और उसने सिंगर को गले लगा लिया.
 

फैंस ने की जमकर तारीफ

सोशल मीडिया पर फैंस ने इस कदम की खूब सराहना की. एक यूजर ने लिखा, “यह सबसे अच्छा फ्लेक्स है.” दूसरे ने कहा, “सोने के दिल वाला आदमी.” कुछ लोगों ने कमेंट किया, “इसलिए मुझे यह आदमी पसंद है,” और “कितना प्यारा है.” एक फैन ने लिखा, “हमने एक असली हीरे को फेमस कर दिया है.”

 


 

Featured Video Of The Day
Iran Attack on Israel: Iran से कब तक चलेगा युद्ध, Israel विदेश मंत्री ने NDTV को बताया आगे का प्लान