19 मई 1946 को फ्रांस के छोटे से गांव कूलोमियर्स (मोलिएंस) में जन्मे आंद्रे रेने रूसिमॉफ की कहानी किसी किंवदंती से कम नहीं है. 'आंद्रे द जायंट' के नाम से मशहूर इस शख्स का कद एक्रोमेगाली नामक की बीमारी के कारण लगातार बढ़ता रहा. जन्म के समय ही वह करीब 6 किलो का था. उनके माता-पिता सामान्य कद-काठी के थे, लेकिन आंद्रे 12 साल की उम्र तक 6 फीट 3 इंच लंबे और 90 किलो के हो चुके थे. बचपन में स्कूल बस में उनके पैर नहीं समाते थे. जिसकी वजह से उन्हें पड़ोसी के ट्रक में बैठकर स्कूल जाना पड़ता था.
करिश्मा कुदरत का
दिलचस्प यह कि खेत पर काम करते हुए आंद्रे तीन आदमियों जितना काम अकेला कर लेते थे. 14 साल की उम्र में स्कूल छोड़ दिया और फैक्टरी में काम करने लगे, लेकिन जल्द ही रेसलिंग की दुनिया ने उन्हें बुला लिया. 17 साल की उम्र में वह 6 फीट 7 इंच के हो चुके थे. 1966 में उन्होंने अपना पहला प्रोफेशनल मैच खेला.
लेकिन 1971 में अमेरिका पहुंचकर किस्मत चमकी. विन्सेंट जे. मिकमैन सीनियर ने उन्हें डब्ल्यूडब्ल्यूएफ में “आंद्रे द जायंट” बनाया. 7 फीट 4 इंच कद और 236 किलो वजन के साथ वह 'स्पेशल अट्रैक्शन' बन गए. लगभग 15 साल तक डब्ल्यूडब्ल्यूएफ में उन्हें खूब धूम मचाई. उनकी हथेलियां इतनी बड़ी थीं कि एक बास्केटबॉल को आसानी से पकड़ लेती थीं. उंगलियां इतनी मोटी कि सामान्य रिंग या ग्लव्स फिट नहीं होते थे.
रेसलिंग करियर की रोचक घटनाएं
1987 के रेसलमेनिया में 93,000 से ज्यादा दर्शकों के सामने आंद्रे ने हल्क होगन को बॉडी स्लैम करने दिया. यह पल रेसलिंग इतिहास का सबसे प्रसिद्ध मोमेंट है. 2026 में इस मैच को डब्ल्यूडब्ल्यूएफ हॉल ऑफ फेम के 'इमॉर्टल मोमेंट्स' में शामिल किया गया. 1988 में द मेन इवेंट के पहले एपिसोड में आंद्रे ने होगन को हराकर डब्ल्यूडब्ल्यूएफ वर्ल्ड हेवीवेट चैंपियनशिप जीती, उनकी इकलौती विश्व चैंपियनशिप. कुल मिलाकर उन्होंने 5000 से ज्यादा मैच लड़े.
हॉलीवुड में आंद्रे
रेसलिंग के अलावा आंद्रे फिल्मों में भी चमके. 1987 की फिल्म द प्रिंसेस ब्राइड में फेजिक के रोल के लिए वे परफेक्ट थे. रॉब रेनर ने पूरी स्क्रिप्ट ऑडियो टेप पर रिकॉर्ड कर दी ताकि आंद्रे लाइनों का अभ्यास कर सकें. फिल्म के बाद वे हर जगह उसकी कॉपी साथ रखते थे. कॉनन द डिस्ट्रॉयर, द सिक्स मिलियन डॉलर मैन जैसी सीरीज में भी नजर आए. वे इतने विशाल थे कि फिल्म सेट पर स्पेशल कुर्सियां बनानी पड़ती थीं.
शराब से दोस्ताना
आंद्रे की शराब पीने की कहानियां इतनी प्रसिद्ध हैं कि उन्हें 'ग्रेटेस्ट ड्रंक ऑन अर्थ' कहा जाता था. रेस्लर रिक फ्लेयर की एक मशहूर कहानी है, एक रात आंद्रे ने 106 बीयर पी लीं. रात भर पार्टी के बाद होटल लॉबी में वे गिर पड़े. सुबह तक कोई उन्हें हिला नहीं सका. कई रेसलर्स और स्टाफ मिलकर उन्हें उठाने की कोशिश करते रहे. आखिरकार उन्हें घसीटकर या कई लोगों के कंधों पर उठाकर कमरे तक ले जाना पड़ा. उनका वजन इतना था कि नशे में गिरने पर 4-6 आदमी भी मुश्किल से उन्हें उठा पाते. फ्लेयर बताते हैं कि आंद्रे लॉबी फ्लोर पर पड़े रहे और होटल मैनेजर ने उन्हें पियानो कवर ओढ़ा दिया ताकि दूसरे गेस्ट डिस्टर्ब न हों.
हल्क होगन ने भी आंद्रे की शराब की लत से जु़ड़ी दिलचस्प कहानी शेयर की थी. उन्होंने बताया था कि टैम्पा एयरपोर्ट पर एक घंटे का लेओवर था. हल्क होगन उनसे मिलने गए. आंद्रे लाउंज में बैठे. मात्र 45 मिनट में उन्होंने 108 बोतल 12 औंस वाली बीयर पी ली. फिर बिना लड़खड़ाए अगली फ्लाइट पकड़ ली.
अर्नोल्ड श्वार्जनेगर से जुड़ी दिलचस्प घटना
आंद्रे को यह बात कतई पसंद नहीं थी कि कोई उनके साथ आए और बिल पे करे. लेकिन एक रेस्तरां में अर्नोल्ड श्वार्जेनेगर ये गलती कर डाली उन्होंने चुपके से बिल दे दिया. आंद्रे को यह बात पसंद नहीं आई. फिर क्या था. आंद्रे ने एक दोस्त की मदद से अर्नोल्ड को उठाकर कार की छत पर रख दिया. दोस्तों की कारें वे आसानी से उठाकर घुमा देते या छोटी जगह में पार्क कर देते.
फ्रांस में मौत, अमेरिका में अंतिम संस्कार
आंद्रे 27 जनवरी 1993 को पिता के अंतिम संस्कार के लिए फ्रांस गए. फिर वो मां का जन्मदिन मनाने के लिए वहीं रुक गए. 28 जनवरी सुबह होटल के कमरे में कंजेस्टिव हार्ट फेलियर से उनकी मौत हो गई. सिर्फ 46 साल की उम्र. उन्होंने अपनी वसीयत में लिखा था, जलाकर राख को 'डिस्पोज ऑफ' कर दिया जाए. फ्रांस में अंतिम संस्कार में समस्या आई क्योंकि उनका शरीर बहुत बड़ा था.
आखिरकार शव अमेरिका भेजा गया और वहां अंतिम संस्कार किया गया. क्रेमेशन के बाद उनकी अस्थियां 17-19 पाउंड (करीब 8 किलो) वजनी थी, औसत इंसान की अस्थियां 5-8 पाउंड होती है. अस्थियों को उत्तरी कैरोलाइना के एलरबे स्थित उनके रैंच पर घोड़े पर सवार होकर फ्रेंची बर्नार्ड ने फैलाया. 1993 में उन्हें डब्ल्यूडब्ल्यूएफ हॉल ऑफ फेम के पहले सदस्य के तौर पर सम्मान दिया गया.