मुंबई के गिरते पर्यावरण पर दीया मिर्जा का छलका दर्द, बोलीं- पेड़ 'शहीद' हो रहे हैं, यह कैसा विकास?

दीया मिर्जा ने कहा कि जब हम पेड़ काटते हैं, तो सिर्फ जमीन ही साफ नहीं करते बल्कि आने वाले बच्चों के जीवन को भी मिटा रहे हैं और इसे हम विकास कहते हैं. उन्होंने लिखा, "अगर विकास के नाम पर हमें उन्हीं प्राकृतिक प्रणालियों को नष्ट करना पड़ता है जो हमें जिंदा रखती हैं, तो ये विकास किसके लिए है?

विज्ञापन
Read Time: 2 mins
मुंबई के गिरते पर्यावरण पर दीया मिर्जा का छलका दर्द
नई दिल्ली:

बॉलीवुड अभिनेत्री दीया मिर्जा अक्सर सोशल मीडिया के जरिए पेड़ों की सुरक्षा, स्वच्छता और हरियाली बढ़ाने की बात करती रहती हैं. शनिवार को भी उन्होंने हरियाली बढ़ाने की बात की. अभिनेत्री ने अपने आधिकारिक इंस्टाग्राम पर जंगल के हरे-भरे माहौल की तस्वीरें शेयर कीं. अभिनेत्री ने लिखा, "हमें और ज्यादा हरियाली चाहिए. हमारे पेड़ शहीद नहीं हैं और उन्हें कभी शहीद नहीं होना चाहिए था." अभिनेत्री ने मुंबई के पर्यावरण की स्थिति पर गहरी चिंता जताई. उन्होंने लिखा, "शहर उस जीवन प्रणाली को खो रहा है जो हमें सांस लेने देती है. अरेरी के मैंग्रोव जंगल, पहाड़, नदियां और पुराने जंगल पीढ़ियों से हमें सुरक्षित रखते आए हैं. ये पुराने पेड़-पौधे विविधता बनाए रखते हैं, जलवायु को नियंत्रित करते हैं, बाढ़ रोकते हैं और ऑक्सीजन देते हैं. इन्हें काटकर कहीं और नए पेड़ लगाने से इनकी भरपाई नहीं हो सकती."

दीया ने अपने बेटे का उदाहरण देते हुए कहा कि जब हम पेड़ काटते हैं, तो सिर्फ जमीन ही साफ नहीं करते बल्कि आने वाले बच्चों के जीवन को भी मिटा रहे हैं और इसे हम विकास कहते हैं. उन्होंने लिखा, "अगर विकास के नाम पर हमें उन्हीं प्राकृतिक प्रणालियों को नष्ट करना पड़ता है जो हमें जिंदा रखती हैं, तो ये विकास किसके लिए है? कुछ लोगों की सुविधा पूरे भविष्य की कीमत पर नहीं हो सकती.ऐसा विकास हर किसी के जीवन को मुश्किल बना देगा.

दीया ने लिखा कि मुंबई जैसे शहर को एक ऐसे विकास की जरूरत है जो जंगलों, मैंग्रोव, पहाड़ों और नदियों की रक्षा कर सके, न कि लोगों के जीवन को खत्म कर दे. अभिनेत्री ने मुंबई नगर निगम को टैग करते हुए लिखा, "हम मुंबई के नागरिक आपके साथ मिलकर काम करेंगे और ऐसे समाधान देंगे जिससे विकास भी हो और प्रकृति की सुरक्षा भी हो सके." दीया अभिनेत्री होने के साथ संयुक्त राष्ट्र पर्यावरण कार्यक्रम की सद्भावना राजदूत भी रह चुकी हैं. इसके अलावा, अभिनेत्री कई सामाजिक कार्यों के लिए भी काम कर चुकी हैं.
 

Advertisement
Featured Video Of The Day
Boxing सिर्फ़ चोट नहीं, हिम्मत भी! Priya Ghanghas, Arundhati Choudhary को कहां से मिलता है मोटिवेशन?