बॉलीवुड में इन दिनों पुराने गानों को नए अंदाज में पेश करने का ट्रेंड जोरों पर है और अब इस लिस्ट में मौजूदा ब्लॉकबस्टर ‘धुरंधर 2' भी शामिल हो गई है. फिल्म का सुपरहिट ट्रैक ‘आरी-आरी' इन दिनों सिनेमाघरों से लेकर सोशल मीडिया तक पर छाया हुआ है. लेकिन क्या आप जानते हैं कि यह गाना कोई नया नहीं, बल्कि पुराना हिट नंबर है, जिसका कनेक्शन सनी देओल की फिल्म दिल्लगी (Dillagi) से है? ‘आरी-आरी' 1999 में आई सनी देओल और बॉबी देओल स्टारर फिल्म दिल्लगी का सुपरहिट ट्रैक था.
2000s का क्लब एंथम, फिर बना ट्रेंड
इस गाने को महेंद्र कपूर, शंकर महादेवन और सुखविंदर सिंह ने गाया था. लेकिन असल में यह गाना 2000 के दशक की शुरुआत में बॉम्बे रॉकर्स के जरिए पॉपुलर हुआ. इस गाने की खासियत थी इसका यूनिक फ्यूजन. यह पंजाबी लोक संगीत के साथ वेस्टर्न पॉप और हिप-हॉप का जबरदस्त मिक्स है. गाने में डांस और जश्न का माहौल नजर आ रहा है. उस दौर में यह गाना क्लब्स, पार्टियों और म्यूजिक चैनलों पर इतना बजा कि युवाओं का फेवरेट बन गया. इसकी बीट्स और रीमिक्स स्टाइल ने इसे एक यादगार ट्रैक बना दिया, जिसे आज भी लोग सुनते ही झूम उठते हैं.
धुरंधर 2 में एक्शन के साथ तड़का
अब यही गाना फिल्म ‘धुरंधर 2' में नए अंदाज में पेश किया गया है. खास बात यह है कि इसे रणवीर सिंह के हाई एक्शन सीन्स में इस्तेमाल किया गया है. तेज रफ्तार एक्शन और ‘आरी-आरी' की दमदार बीट फैंस को सीट से बांधे रखने में कामयाब रही है. फिल्म में गाने का इस्तेमाल केवल म्यूजिक नहीं, बल्कि एक एनर्जी बूस्टर की तरह किया गया है.
पुराना गाना, नया जादू
बॉलीवुड में पुराने हिट गानों को रीक्रिएट करना अब एक सफल फॉर्मूला बन चुका है. ‘आरी-आरी' इसका ताजा उदाहरण है कि कैसे एक पुराना ट्रैक नए जनरेशन के लिए भी उतना ही आकर्षक बनाया जा सकता है. सोशल मीडिया पर फैंस इस गाने को लेकर जबरदस्त रिएक्शन दे रहे हैं. कुछ लोग इसे “नॉस्टैल्जिया का धमाका” बता रहे हैं, तो कुछ का कहना है कि यह गाना फिल्म का सबसे हाइलाइटेड मोमेंट है.
ये भी पढे़ं- मनोज कुमार ने भारी कर्ज लेकर बनाई थी ये ब्लॉकबस्टर फिल्म, अपने आदर्श को बनाया हीरो, बॉक्स ऑफिस पर तोड़े रिकॉर्ड