हॉलीवुड के दिग्गज एक्शन स्टार चक नॉरिस का 86 साल की उम्र में निधन हो गया है. उनके परिवार ने एक भावुक बयान जारी करते हुए इस दुखद खबर की पुष्टि की. बताया गया कि चक नॉरिस को गुरुवार को हवाई में अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां शुक्रवार सुबह उन्होंने शांति से अंतिम सांस ली. परिवार के अनुसार, उनके आखिरी पलों में वे अपने करीबियों से घिरे हुए थे. परिवार ने अपने बयान में कहा कि चक नॉरिस सिर्फ एक बड़े स्टार नहीं थे, बल्कि एक समर्पित पति, प्यार करने वाले पिता और दादा थे. उन्होंने अपनी जिंदगी विश्वास, अनुशासन और अपने प्रियजनों के प्रति अटूट समर्पण के साथ जी. उनके जाने से परिवार ही नहीं, बल्कि दुनियाभर के करोड़ों फैंस को गहरा झटका लगा है.
चक नॉरिस ने अपने करियर में कई यादगार फिल्में और टीवी शोज दिए, लेकिन उन्हें असली पहचान वॉकर, टेक्सस रेंजर से मिली. इस शो में उनकी दमदार पर्सनैलिटी और एक्शन स्टाइल ने उन्हें घर-घर में लोकप्रिय बना दिया. वे सिर्फ एक अभिनेता ही नहीं, बल्कि मार्शल आर्ट्स के चैंपियन भी थे, जिन्होंने अपनी फिटनेस और अनुशासन से लाखों लोगों को प्रेरित किया.
उनका नाम ब्रूस ली के साथ भी हमेशा जुड़ा रहेगा. 1972 की फिल्म वे ऑफ द ड्रैगन में दोनों के बीच हुआ फाइट सीन आज भी सिनेमा इतिहास के सबसे आइकॉनिक मुकाबलों में गिना जाता है. इस सीन ने दोनों सितारों को नई ऊंचाई दी और फैंस के दिलों में अमिट छाप छोड़ी. चक नॉरिस ने अपने काम, सादगी और मजबूत व्यक्तित्व से एक अलग पहचान बनाई. उनके निधन से हॉलीवुड सेलिब्रिटीज भी सदमे में हैं.