बॉक्स ऑफिस पर इन दिनों एक्शन फिल्म ब्लास्ट की खूब चर्चा हो रही है. रिलीज के बाद से फिल्म दर्शकों को सिनेमाघरों तक खींचने में कामयाब रही है और अब इसके कमाई के आंकड़े भी चौंकाने लगे हैं. चौथे दिन फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर ऐसी रफ्तार पकड़ी कि मेकर्स की खुशी सातवें आसमान पर पहुंच गई. दर्शकों के बीच बढ़ती चर्चा, दमदार वर्ड ऑफ माउथ और एक्शन से भरपूर कहानी का असर कमाई पर साफ दिखाई दे रहा है. यही वजह है कि रिलीज के सिर्फ चार दिनों में ब्लास्ट दुनियाभर में 21.58 करोड़ रुपये का कारोबार कर चुकी है. खासकर तमिल वर्जन को मिल रहा शानदार रिस्पॉन्स फिल्म के लिए बड़ा प्लस पॉइंट बन गया है. अब दिलचस्पी इस बात की है कि आने वाले दिनों में ब्लास्ट का ये बॉक्स ऑफिस सफर और कितने नए रिकॉर्ड अपने नाम करता है.
चौथे दिन आया कमाई का बड़ा धमाका
फिल्म ने चौथे दिन 6 करोड़ रुपये का नेट कलेक्शन किया. खास बात ये रही कि ये कमाई तीसरे दिन के मुकाबले करीब 32 फीसदी ज्यादा है. यानी फिल्म को लेकर दर्शकों का एक्साइटमेंट लगातार बढ़ रहा है. आमतौर पर रिलीज के बाद कमाई में गिरावट देखने को मिलती है, लेकिन ब्लास्ट ने उल्टा कमाल दिखा दिया.
बॉक्स ऑफिस पर तेज हुई फिल्म की रफ्तार
सैकनिल्क के मुताबिक, चार दिनों में फिल्म का इंडिया नेट कलेक्शन 13.95 करोड़ रुपये तक पहुंच गया है. वहीं भारत में इसका ग्रॉस कलेक्शन 16.03 करोड़ रुपये दर्ज किया गया. चौथे दिन फिल्म 2706 शोज में दिखाई गई, जिससे साफ है कि थिएटरों में इसे अच्छा सपोर्ट मिल रहा है. बढ़ती ऑडियंस फिल्म के लिए पॉजिटिव संकेत मानी जा रही है. फिल्म का बजट लगभगद 18 करोड़ रुपये है.
विदेशों में भी चल रहा ब्लास्ट का जलवा
सिर्फ इंडियन बोक ऑफिस ही नहीं, विदेशों में भी फिल्म का परफॉर्मेंस शानदार रहा है. चौथे दिन ब्लास्ट ने ओवरसीज मार्केट से 1.50 करोड़ रुपये की कमाई की. इसके बाद विदेशों में फिल्म का कुल कलेक्शन 5.55 करोड़ रुपये तक पहुंच गया. दुनियाभर की कमाई को जोड़ें तो फिल्म का वर्ल्डवाइड ग्रॉस कलेक्शन अब 21.58 करोड़ रुपये हो चुका है. रिलीज के कुछ ही दिनों में 20 करोड़ का आंकड़ा पार करना किसी भी फिल्म के लिए बड़ी उपलब्धि माना जाता है.
तमिल वर्जन बना असली गेम चेंजर
फिल्म की कमाई में सबसे बड़ा कॉन्ट्रिब्यूशन तमिल वर्जन का रहा. चौथे दिन तमिल संस्करण ने 5.15 करोड़ रुपये का कारोबार किया और शानदार ऑक्यूपेंसी दर्ज की. वहीं तेलुगु वर्जन ने 85 लाख रुपये की कमाई की. शाम और दोपहर के शोज में दर्शकों की जबरदस्त मौजूदगी ने फिल्म की कमाई को और मजबूत बनाया.
एक्शन और ट्विस्ट से भरपूर है फिल्म
सुबाष के. राज के निर्देशन में बनी ब्लास्ट में अर्जुन सरजा, प्रीति मुखुंधन और अभिरामी अहम किरदारों में नजर आए हैं. फिल्म एक ऐसे मार्शल आर्ट्स परिवार की कहानी दिखाती है जिसकी जिंदगी एक खतरनाक कॉरपोरेट सिंडिकेट से जुड़ने के बाद पूरी तरह बदल जाती है. दमदार एक्शन, लगातार आने वाले ट्विस्ट और तेज रफ्तार कहानी दर्शकों को सीट से बांधे रखने का काम कर रही है.