बात 19 साल पुरानी है. अक्षय कुमार की एक फिल्म रिलीज हुई. इस फिल्म में खिलाड़ी कुमार के साथ विद्या बालन, अमीषा पटेल और शाइनी आहूजा समेत कई एक्टर थे. फिल्म के गाने सुपरहिट रहे और ये फिल्म तो ब्लॉकबस्टर रही. 32 करोड़ के बजट वाली इस फिल्म ने लगभग 82 करोड़ रुपये कमाए. फिल्म का निर्देशन मशहूर डायरेक्टर प्रियदर्शन ने किया. फिर कई बातें चलीं, और इसका सीक्वल आया. लेकिन इसमें खिलाड़ी नजर नहीं आया. इसके बाद तीसरा पार्ट आया और यह भी छाया, लेकिन इसमें भी खिलाड़ी नहीं आया. अब 19 साल बाद अक्षय कुमार (Akshay Kumar) और प्रियदर्शन फिर लौटे हैं. फिल्म हॉरर कॉमेडी है. दिलचस्प यह है कि इस फिल्म का टीजर आते ही फैन्स को लग रहा है कि ये 2007 की फिल्म का सीक्वल है. हम बात कर रहे हैं भूल भुलैया (Bhool Bhulaiyaa) की. अब भूत बंगला टीजर (Bhooth Bangla Teaser) आया तो फैन्स को इस फिल्म की याद सताने लगी, और सोशल मीडिया पर कम्पैरिजन का दौर शुरू हो गया.
यह भी पढ़ें: 67 साल पुरानी फिल्म ने स्टूडियो को दिवालिया होने से बचाया, प्रोड्यूसर की शूटिंग के दौरान मौत, 11 ऑस्कर जीत रचा इतिहास
'भूत बंगला' पर क्या बोली जनता
अक्षय कुमार ने एक्स पर भूत बंगला टीजर शेयर किया. इसे देखते ही फैन्स के रिएक्शंस की बाढ़ आ गई. लेकिन एक शख्स को 2007 की भूल भुलैया याद आ गई और उसने लिखा, 'धन्यवाद अक्षय सर, बचपन में देखी थी भुलभुलैया, सोचा पार्ट 2 आएगा मजा आएगा बचपन की यादें ताजा हो जाएंगी पर उसमें कोई और आ गया तो मन उदास हो गया. आज इसका टीजर देख के लग रहा है ये ही उसका पार्ट 2 है धन्यवाद दिल से बचपन की याद ताजा करने के लिए.' इस तरह फैन्स भूत बंगला को नई फिल्म मानने के लिए तैयार ही नहीं है. वो इसे भूल भुलैया के सीक्वल के तौर पर ही देख रहे हैं.
'भूत बंगला' टीजर देख फैन्स के दिलों में जागी उम्मीदें
भूत बंगला का टीजर देख फैन्स खूब पॉजिटिव कमेंट कर रहे हैं. एक फैन ने लिखा है कि टीजर फ्रेश दिख रहा है. उम्मीद है इस बार अक्षय कुमार बॉक्स ऑफिस पर खूब चमकेंगे. कोई खह रहा है कि किंग ऑफ कॉमेडी की वापसी. वहीं एक ने लिखा है कि मजा आ गया टीजर देख के. भूल भुलैया वाइब. इस तरह अक्षय कुमार अपने पुराने तेवरों में लौटते नजर आ रहे हैं.
'भूत बंगला' कास्ट और रिलीज डेट
बालाजी मोशन पिक्चर्स ने केप ऑफ गुड फिल्म्स के साथ मिलकर 'भूत बंगला' पेश की है, जिसमें अक्षय कुमार, वामिका गब्बी, परेश रावल, तब्बू और राजपाल यादव लीड रोल में हैं. फिल्म का डायरेक्शन प्रियदर्शन ने किया है और इसे अक्षय कुमार, शोभा कपूर और एकता आर कपूर ने प्रोड्यूस किया है. फिल्म 10 अप्रैल, 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज हो रही है.
16 साल बाद साथ लौट रही सुपरहिट जोड़ी
'भूत बंगला' के साथ बॉलीवुड की ओजी डायरेक्टर-एक्टर जोड़ी, प्रियदर्शन और अक्षय कुमार, पूरे 16 साल के लंबे गैप के बाद एक साथ आए हैं. आखिरी बार ये जोड़ी 2010 में 'खट्टा मीठा (Khatta Meetha)' फिल्म में नजर आई थी. फिल्म में अक्षय के अलावा तृषा, उर्वशी शर्मा और राजपाल यादव नजर आए थे. फिल्म का बजट 35 करोड़ रुपये था और इसने बॉक्स ऑफिस पर 62 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया था.
अक्षय कुमार के लिए क्यों जरूरी है भूत बंगला
अक्षय कुमार को एक ब्लॉकबस्टर फिल्म की जरूरत है. 2023 में आई 'ओएमजी 2' उनकी आखिरी बड़ी हिट थी. इसके बाद से 9 फिल्में आ चुकी हैं, इनमें कई फ्लॉप रहीं तो कई एवरेज. लेकिन ब्लॉकबस्टर का वो स्वाद नहीं चख सके हैं. ऐसे में भूत बंगला का टीजर तो इशारा कर रहा है कि अक्षय कुमार अपने पुराने तेवरों की दिशा में लौट रहे हैं. अगर ऐसा होता है तो वह जरूर दर्शकों के दिलों में उतरने में कामयाब रहेंगे.