दक्षिण कोरिया के इंचियोन में हुए एशियाई खेलों में स्वर्ण पदक जीतने वाली भारतीय पुरुष हॉकी टीम की तरफ से फाइनल में शानदार प्रदर्शन करने वाले गोलकीपर पीआर श्रीजेश ने कहा कि पाकिस्तान के पूर्व मैचों के विडियो देखने से उन्हें फाइनल मुकाबले में फायदा मिला।
गौरतलब है कि पाकिस्तान के खिलाफ फाइनल मुकाबला निर्धारित समय तक 1-1 से बराबर रहने के बाद भारत ने पेनाल्टी शूटआउट में 4-2 से जीत हासिल की, जिसमें श्रीजेश ने दो अहम गोल बचाकर जीत में अहम भूमिका अदा की। श्रीजेश ने बताया कि उन्होंने पाकिस्तानी की मलेशिया के खिलाफ सेमीफाइनल मुकाबले की वीडियो का बहुत बारीकी से विश्लेषण किया।
पाकिस्तान ने सेमीफाइनल में मलेशिया पर पेनाल्टी शूटआउट में ही जीत हासिल की थी। श्रीजेश ने कहा, फाइनल मैच से पहले मैंने पाकिस्तान और मलेशिया के बीच हुए सेमीफाइनल मैच का वीडियो देखा। इससे मुझे फाइनल की तैयारी करने में मदद मिली और अपने प्रतिद्वंद्वी द्वारा शूटआउट के दौरान अपनाई गई रणनीति समझने में मदद मिली।
श्रीजेश ने कहा, फाइनल मैच से पहले अभ्यास के दौरान भी मैं अधिकांश शूटआउट शॉट बचाने में सफल रहा था। इसीलिए खिताबी मुकाबले में पेनाल्टी शूटआउट के लिए जाते समय मैं आत्मविश्वास से भरा हुआ था। भारतीय हॉकी टीम के उप कप्तान श्रीजेश ने कहा कि खिताबी मुकाबले के लिए मैदान में उतरते समय उन पर जरा भी दबाव नहीं था।
श्रीजेश ने कहा, शूटआउट के समय मेरे दिमाग में किसी तरह दबाव नहीं था। उस समय मैं खुद पर बहुत बड़ी जिम्मेदारी जैसा महसूस कर रहा था।
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं