विज्ञापन
This Article is From Jan 15, 2014

ऑस्ट्रेलियाई 'ओवन' बन गया ग्रैंड स्लैम टेनिस टूर्नामेंट...

ऑस्ट्रेलियाई 'ओवन' बन गया ग्रैंड स्लैम टेनिस टूर्नामेंट...
मेलबर्न:

ऑस्ट्रेलियाई ओपन टेनिस टूर्नामेंट के इतिहास में मंगलवार (14 जनवरी) का दिन सबसे गर्म दिनों में दर्ज किया जाएगा, जिसके कारण खिलाड़ियों और दर्शकों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। खिलाड़ी बेहोश हुए, उन्होंने उल्टियां कीं और एक बॉलब्वॉय गिर पड़ा।

ईएसपीएन की वेबसाइट के अनुसार तापमान 42 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया। कनाडा के फ्रैंक डेनसेविच को पहले दौर में बेनोइट पियरे से हार के दौरान उपचार लेना पड़ा। उन्होंने परिस्थितियों को खेल के लिए अमानवीय करार दिया।

डेनसेविच ने कहा, ''मैं समझता हूं कि यह अमानवीय है... मेरा मानना है कि खिलाड़ियों का आधे मैच से हटना खिलाड़ी, प्रशंसकों या खेल किसी के लिए भी अच्छा है... मैंने अपनी जिंदगी में पांच सेट के कई मैच खेले हैं, लेकिन यहां दूसरे सेट में ही गर्मी का प्रभाव पड़ गया... यह सामान्य स्थिति नहीं है...'' उन्होंने कहा, ''मेरा मानना है कि यह सही नहीं है और कई अन्य खिलाड़ियों की भी ऐसी राय है...''

चीन की खिलाड़ी पेंग शुहाई जापान की कुरूमी नारा के खिलाफ अपने मैच के दौरान ऐंठन से परेशान रहीं और उल्टियां करने लगीं। एक समय ऐसा भी था, जब वह चलने की स्थिति में नहीं थीं और उन्हें समय बर्बाद करने की चेतावनी मिली। शुहाई ने अपनी हार के लिए गर्मी को जिम्मेदार बताते हुए कहा, ''मैं खड़ी नहीं हो पा रही थी... मेरे दोनों पांवों में ऐंठन आ गई थी... मेरे पास ऊर्जा नहीं बची थी... मैं दौड़ नहीं सकती थी... मैं सर्विस नहीं कर सकती थी... इस तरह से टेनिस खेलना असंभव है...''

दरअसल, मंगलवार को मेलबर्न में दिन का तापमान 42 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया था, जो जनवरी में शहर के सर्वकालिक रिकॉर्ड 45.6 डिग्री सेल्सियस से ज्यादा दूर नहीं है। मेलबर्न ने वर्ष 1936 में यह रिकॉर्ड दर्ज किया था।

महिला वर्ग में दो बार की मौजूदा चैंपियन विक्टोरिया अजारेंका ने कहा, ''गर्मी बहुत है... ऐसा लग रहा है कि जैसे आप फ्राइंग पैन या इसी तरह की किसी चीज में नृत्य कर रहे हों...''

कोर्ट छह पर महिलाओं में 25वीं वरीय एलाइज कोर्नेट ने तब केवल एक गेम जीता था, जब स्लोवेनिया की पोलोना हरकोग ने हटने का फैसला किया। मिलोस राओनिक के खिलाफ हार के दौरान डेनियल जिमेनो ट्रेवर बॉलब्वॉय को बचाने के लिए दौड़ पड़े, जो कोर्ट पर गिर पड़ा था। प्रवक्ता ने बाद में कहा कि बॉलब्वॉय अब स्वस्थ है।

इन घटनाओं के बावजूद अधिकारियों ने गर्मी के लिए आपात नियम लागू नहीं किए हैं। इन नियमों के लागू होने पर अधिक गर्मी में खेल रोका जा सकता है तथा सेंटर और सेकंड कोर्ट को छत से बंद किया जा सकता है।

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
ऑस्ट्रेलियाई ओपन, ऑस्ट्रेलियन ओपन, ग्रैंड स्लैम टेनिस टूर्नामेंट, सबसे गर्म दिन, Australian Open, Grand Slam Tennis Tournament, The Hottest Day
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com