महिला मुक्केबाज एल. सरिता देवी ने अंतरराष्ट्रीय मुक्केबाजी संघ (एआईबीए) से एशियाई खेलों में कांस्य पदक स्वीकार करने से इनकार करने पर हुए अस्थाई निलंबन को हटाने का अनुरोध किया और कहा कि उन्हें पोडियम पर अपने व्यवहार का दुख है और वह ऐसा दोबारा कभी नहीं करेंगी।
इंचियोन एशियाई खेलों के विवादित सेमीफाइनल में हारने पर पदक स्वीकार करने से इनकार करने पर लगे निलंबन के कारण सरिता के अगले महीने विश्व चैम्पियनशिप में भाग लेने की संभावनाएं क्षीण हो गई हैं।
पूर्व विश्व एवं एशियाई चैम्पियन सरिता ने एआईबीए के नोटिस के जवाब में लिखा, 'मैं स्वीकार करती हूं कि ये घटनाएं नहीं होनी चाहिए थी और मुझे इन घटनाओं का गहरा पछतावा है और मैं संकल्प लेती हूं कि यह फिर से कभी नहीं होगा।' उन्होंने कहा, 'अपनी गलतियां महसूस होने पर, मैंने एशियाई ओलंपिक परिषद और एशियाई खेल 2014 की आयोजन समिति को माफी वाला पत्र भेजा और कांस्य पदक स्वीकार किया।'
वहीं बॉक्सिंग इंडिया के अध्यक्ष संदीप जाजोदिया ने भी एआईबीए से सरिता देवी पर लगा अस्थायी निलंबन हटाने का अनुरोध करते हुए कहा कि इस भारतीय मुक्केबाज की बिना शर्त माफी और अतीत में स्वच्छ अनुशासन रिकॉर्ड वैश्विक संस्था के सामने उसके पक्ष को मजबूत करेगा।
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं