विज्ञापन
This Article is From Aug 11, 2015

ध्‍यानचंद के जन्‍मदिन पर सानिया मिर्जा को मिलेगा राजीव गांधी खेलरत्‍न अवार्ड

ध्‍यानचंद के जन्‍मदिन पर सानिया मिर्जा को मिलेगा राजीव गांधी खेलरत्‍न अवार्ड
सानिया मिर्जा (फाइल फोटो)
नई दिल्ली: भारतीय टेनिस सनसनी कही जाने वाली और इस साल विम्बल्डन का महिला युगल खिताब जीतने वाली सानिया मिर्जा को इस साल के राजीव गांधी खेल रत्न पुरस्कार से सम्मानित किए जाने का निर्णय लिया गया है।

पुरस्कार के लिए सानिया मिर्जा के साथ-साथ विकास गौड़ा (डिस्कस थ्रो), टिंटू लुका (800 मीटर), दीपिका पल्लीकल (स्क्वाश), देवेंद्र झांझरिया (पैरालिम्पिक जैविलिन थ्रो), अभिषेक वर्मा (आर्चरी) और सरदार सिंह (हॉकी) के नाम भी प्रस्तावित थे। सानिया को देश का सर्वोच्च खेल पुरस्कार 29 अगस्त को हॉकी के जादूगर कहे जाने वाले मेजर ध्यानचंद की जयंती के अवसर पर दिया जाएगा।

सानिया मिर्ज़ा को वर्ष 2004 में अर्जुन पुरस्कार और वर्ष 2006 में नागरिक सम्मान पद्मश्री से नवाज़ा गया था। उन्होंने पिछले साल इंचियॉन एशियाई खेलों में साकेत मिनेनी के साथ मिश्रित युगल का स्वर्ण और प्रार्थना थोंबरे के साथ महिला युगल का कांस्य पदक जीता था। हैदराबाद की सानिया मिर्ज़ा ने वर्ष 2014 में अमेरिकी ओपन में ब्राज़ील के ब्रूनो सोरेस के साथ मिलकर मिश्रित युगल खिताब भी जीता है।

वर्ष 2014 में, यानी पिछले साल पूर्व भारतीय क्रिकेट कप्तान कपिल देव की अगुवाई वाली पुरस्कार चयन समिति ने किसी भी खिलाड़ी को खेल रत्न नहीं दिलवाया था। वर्ष 1991 में शुरू किए गए राजीव गांधी खेल रत्न के इतिहास में वह तीसरा अवसर था, जब किसी भी खिलाड़ी को पुरस्कृत नहीं किया गया था।

इस बार जस्टिस वीके बालि (रिटायर्ड) की अध्यक्षता में बनी चयन समिति ने 15 के बजाए 17 खिलाड़ियों को अर्जुन पुरस्कार के लिए नामित किया। सूत्र बताते हैं कि वेटलिफ़िटर का नाम आखिरी लम्हों में शामिल किया गया। ऐसे में ग्लासगो कॉमनवेल्थ खेलों के स्वर्ण पदक विजेता सतीश शिवालिंगम को इस लिस्ट में जगह मिल गई है।
ये लिस्ट इस प्रकार है :

सानिया मिर्ज़ा - राजीव गांधी खेल रत्न पुरस्कार

अर्जुन पुरस्कार -
1. संदीप कुमार - तीरंदाज़ी
2.एमआर पुवम्मा - एथलेटिक्स
3.मंदीप जांगड़ा - बॉक्सिंग
4.रोहित शर्मा - क्रिकेट
5. दीपा कर्माकर - जिमनास्टिक्स
6. पीआर श्रीजेश - हॉकी
7. जीतू राय - शूटिंग
8. बजरंग - कुश्ती
9. वाई सनाथाई देवी - वुशु  
10. एस सतीश कुमार - वेटलिफ़्टिंग
11. अनुप कुमार यामा - रोलर स्केटिंग
12. मंजीत छिल्लर - कबड्डी
13. अभिलाशषा म्हात्रे - कबड्डी
14. स्वर्ण सिंह - रोइंग
15. बबीता - कुश्ती
16. के श्रीकांत - बैडमिंटन
17. शरथ एम गायकवाड - पैरा स्विमिंग

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
टेनिस, सानिया मिर्जा, राजीव गांधी खेल रत्न पुरस्कार, Tennis, Sania Mirza, Rajiv Gandhi Khel Ratna
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com